अयोध्या : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को अयोध्या स्थित मणिरामदास छावनी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सर्वसम्मति से बड़ा फैसला लेते हुए भारतीय वायुसेना के पूर्व अधिकारी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। बैठक में ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ-साथ आमंत्रित सदस्य भी उपस्थित रहे। इसके अलावा, न्यास में तीन नए सदस्यों को शामिल करने की भी आधिकारिक घोषणा की गई।
Read More : ICC Test Ranking में गिल-बुमराह नीचे, पडिक्कल और दिनुशा ने मारी छलांग
तीन नए ट्रस्टी शामिल
राम मंदिर ट्रस्ट का विस्तार करते हुए तीन नए सदस्यों को जोड़ा गया है :
मदन मोहन पांडेय: वरिष्ठ अधिवक्ता, अयोध्या।
महेश भागचंदका: दिल्ली।
निर्मला यादव: शिकोहाबाद/अयोध्या।
कौन हैं एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा?
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भाटपाररानी क्षेत्र स्थित भोपतपुरा गांव के मूल निवासी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा का सैन्य करियर बेहद प्रतिष्ठित रहा है।
कमीशन और उड़ान अनुभव: उन्होंने 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त किया। अपने करीब चार दशक के करियर में उन्होंने 18 से अधिक प्रकार के लड़ाकू व अन्य विमान उड़ाए और 3,000 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव हासिल किया।
शीर्ष पद: वे वायुसेना में कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर रहे हैं और एकीकृत रक्षा स्टाफ (Integrated Defence Staff) में उप प्रमुख (सिद्धांत, संगठन एवं प्रशिक्षण) जैसी अति-संवेदनशील जिम्मेदारियां संभाली हैं।
अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण: उन्होंने भारत के अलावा अमेरिका और ब्रिटेन के प्रतिष्ठित रक्षा संस्थानों से उच्च स्तरीय रणनीतिक और प्रशासनिक प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
सैन्य अनुशासन से मंदिर प्रबंधन तक की नई जिम्मेदारी
राम मंदिर अब निर्माण चरण के साथ-साथ एक वैश्विक धार्मिक-पर्यटन केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के आगमन, सुरक्षा व्यवस्था, दर्शन प्रबंधन, कर्मचारियों के नियंत्रण और विभिन्न सरकारी व गैर-सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए एक कुशल प्रशासक की आवश्यकता थी। एयर मार्शल मिश्रा का वृहद संगठनात्मक अनुभव और सैन्य अनुशासन मंदिर प्रशासन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट: सदस्यों की अद्यतन सूची
मुख्य और स्थायी सदस्य:
के. परासरन: सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता व संस्थापक सदस्य
महंत नृत्य गोपाल दास: अध्यक्ष
स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज: कोषाध्यक्ष
कृष्ण मोहन: अंतरिम महासचिव
जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती जी महाराज: सदस्य (प्रयागराज)
जगतगुरु मध्वाचार्य स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ जी महाराज: सदस्य (पेजावर मठ, उडुपी)
युगपुरुष परमानन्द जी महाराज: सदस्य (हरिद्वार)
महंत दिनेंद्र दास: सदस्य (निर्मोही अखाड़ा प्रतिनिधि)
निर्मला यादव: नई महिला ट्रस्टी
मदन मोहन पांडे: नए ट्रस्टी
महेश भागचंदका: नए ट्रस्टी
पदेन और सरकारी सदस्य:
नृपेंद्र मिश्रा: अध्यक्ष, मंदिर निर्माण समिति
प्रशांत लोखंडे: केंद्र सरकार के प्रतिनिधि
संजय प्रसाद: उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि
शशांक त्रिपाठी: जिलाधिकारी, अयोध्या




