शामली : हरियाणवी लोकगायक अंकित बालियान हत्याकांड में सोमवार सुबह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हत्याकांड में शामिल गोगी गैंग के दो शार्प शूटर सुमित और मोहित मारे गए। दोनों हरियाणा के सोनीपत के निवासी थे और उन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस कार्रवाई के दौरान एसओजी के मुख्य आरक्षी हरविंदर और प्रदीप भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
Read More : झुमरीतिलैया में पहली बार 9 वेदी जैन मंदिर का शिलान्यास, निकली शोभायात्रा
कांधला में छूटा बैग लेने आए थे शूटर
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को शामली के सूर्या होटल में रुके शूटरों ने अंकित की कार में जीपीएस (GPS) लगाकर लोकेशन ट्रैक की थी। हत्या को अंजाम देने के बाद चारों शूटर कांधला की तरफ भागे थे, जहां उन्होंने कपड़े बदलकर एक बैग छोड़ दिया था। सोमवार सुबह सुमित और मोहित वही बैग लेने औद्योगिक क्षेत्र की तरफ आए थे। घेराबंदी करने पर उन्होंने फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात में शामिल दो अन्य शूटरों – सत्यम और आर्यन की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गाने को लेकर रंजिश और टिल्लू गैंग से कनेक्शन का शक
जांच में सोनीपत निवासी भोलू उर्फ राहुल शाहपुरिया का नाम साजिशकर्ता के रूप में सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गोगी गैंग के सरगना जितेंद्र गोगी की हत्या के बाद अंकित ने ‘भारी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाना गाया था, जिसे करीब 400 मिलियन व्यूज मिले थे। इसी गाने को लेकर गोगी गैंग में नाराजगी थी। इसके अलावा आरोपियों को शक था कि अंकित का टिल्लू गैंग से कनेक्शन है।
कनाडा से नेटवर्क और 50 से अधिक संदिग्ध रडार पर
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, गोगी गैंग के साथ-साथ पंपू और इक्का गैंग से जुड़े 50 से अधिक संदिग्धों के सोशल मीडिया अकाउंट्स और मोबाइल नंबर खंगाले जा रहे हैं। जांच में सामने आया है कि भोलू और गोगी के कुछ रिश्तेदार कनाडा में रहकर नेटवर्क ऑपरेट कर रहे हैं। भोलू के भाई चिराग द्वारा कनाडा से सोशल मीडिया गतिविधियां संचालित करने की बात भी सामने आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर लाइव आकर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा करने वाले गायक भूपेंद्र ढींगरा पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।



