कोडरमा (झुमरीतिलैया) : श्री दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में स्टेशन रोड स्थित नवनिर्माणाधीन जैन मंदिर में नौ वेदी के शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया। जैन संत गुरुदेव 108 श्री सुयश सागर जी मुनीराज के पावन सानिध्य और आशीर्वाद से नगर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
यह शोभायात्रा पानी टंकी रोड स्थित नया जैन मंदिर से शुरू होकर ओवरब्रिज होते हुए नगर भ्रमण कर स्टेशन रोड स्थित बड़ा मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में फूलों, मालाओं और लाइटों से सुसज्जित नौ घोड़ों की बग्गी में पुण्यार्जक परिवारों को बैठाकर नगर भ्रमण कराया गया।
बैंड-बाजे और रंग-बिरंगे परिधानों से सजा नगर
पंजाब लुधियाना आर्मी बैंड, मधुबन पारसनाथ छोटू बैंड, कोडरमा ताशा पार्टी, डीजे साउंड और बैंड-बाजे ने शोभायात्रा को भव्यता प्रदान की। कार्यक्रम में पुरुष वर्ग श्वेत परिधान में शामिल हुए, वहीं महिलाओं के अलग-अलग समूहों ने रंग-बिरंगे परिधानों में भगवान और गुरुदेव की भक्ति करते हुए जयघोष किया।
कोलकाता से आई चार सदस्यीय टीम ने सभी महिला व पुरुष भक्तों को रंग-बिरंगा साफा बांधा। झांझरी गली चौराहा के पास छोटे बच्चों ने पूज्य जैन संत मुनि श्री 108 सुयश सागर जी मुनीराज और श्री 108 कौशल सागर जी मुनीराज के चरण धोकर मस्तक पर लगाए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंत्रोचार के साथ नौ वेदियों में हवन-पूजन
बड़ा मंदिर परिसर में विश्व शांति मंत्र और हवन के साथ सभी नौ वेदियों में पुण्यार्जक परिवारों एवं समाज के सदस्यों ने पूजा-अर्चना की। इस दौरान भक्तों ने भगवान की वेदी में रजत और ताम्र पत्र चढ़ाए, जिससे पूरा परिसर णमोकार मंत्र से गुंजायमान हो उठा।
समाज के पंडित अभिषेक शास्त्री, प्रतिष्ठाचार्य और संजू भैया ने सभी वेदियों में विधिवत मंत्रोचार कराकर हवन और पूजन संपन्न कराया।
प्रशासनिक अधिकारी व अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कोडरमा जिले के डीडीसी रवि जैन, धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष ताराचंद जैन और समाज सेवी गुरु भक्त विनोद जैन काला शामिल हुए तथा अपना संबोधन दिया।
मंदिर निर्माण कमेटी के संयोजक सुरेश जैन झांझरी और सुशील जैन छाबड़ा ने कार्यक्रम की सफलता के लिए समाज के सभी सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया। समाज के मंत्री नरेंद्र जैन झांझरी ने स्वागत भाषण दिया।
इसके अलावा सह मंत्री राज जैन छाबड़ा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र जैन काला, भंडारी सुनील जैन सेठी, महिला समाज की अध्यक्ष नीलम जैन सेठी, मंत्री आशा जैन गंगवाल, मंदिर निर्माण कमेटी के सहयोगी विवेक जैन सेठी, अभिषेक जैन गंगवाल और प्रवीण जैन पाटनी सहित चातुर्मास कमेटी के संयोजकों एवं सह-संयोजकों ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया।
रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक मंचन
जैन समाज के मीडिया प्रभारी नवीन जैन और राजकुमार जैन अजमेरा ने बताया कि रात्रि में मंदिर परिसर के भव्य पंडाल में णमोकार चालीसा और महिला मंडल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें समाज के युवा और छोटे बच्चे भाग लेंगे।
दिल्ली से आए सौरभ जैन के कलाकारों द्वारा महाआरती और कमठ का उपसर्ग नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद समाज के प्रसिद्ध गायक सुबोध जैन गंगवाल ग्रुप के नेतृत्व में भजनों का कार्यक्रम संपन्न होगा।



