कोलकाता : पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के छात्र संगठन तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) के आयोजकों के खिलाफ कोलकाता के हेस्टिंग्स थाने में मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई शनिवार (28 अगस्त) को संगठन के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के कथित उल्लंघन को लेकर की गई है। शिकायत के अनुसार, कार्यक्रम में शामिल समर्थकों ने कथित तौर पर बैरिकेड हटा दिए और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे कैथेड्रल रोड पर यातायात बाधित हुआ। इसके अलावा कार्यक्रम अदालत द्वारा तय समय सीमा समाप्त होने के बाद भी जारी रहा। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 61(2), 223, 125(ए), 132 और 285 के तहत केस दर्ज किया है।
Read More : नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स से बाहर, टखने की चोट से खत्म हुआ सीजन
समर्थकों से निडर रहने की अपील की
तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने शनिवार को अपने समर्थकों से राजनीतिक दबाव के आगे न झुकने और भाजपा में शामिल न होने की अपील की थी। स्थापना दिवस कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी जल्द ही सत्ता में वापस आएगी और नया राजनीतिक इतिहास लिखेगी। ममता बनर्जी ने समर्थकों से कहा, “मजबूत और निडर बने रहें। जरूरत पड़े तो एक महीने तक जेल का खाना खाएं, लेकिन राजनीतिक रूप से आत्मसमर्पण न करें।” उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ही युवाओं के लिए एकमात्र सहारा है और छात्र राजनीति से उठकर सत्ता तक पहुंचे नेताओं को डराया नहीं जा सकता।
सीएम ने किया छात्र संघ चुनावों का ऐलान
पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जल्द ही छात्र संघ चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने जादवपुर विश्वविद्यालय के बाहर पत्रकारों से कहा, “छात्र संघ चुनाव जल्द होंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) हर जगह जीत हासिल करेगी और कॉलेजों में भगवा झंडे लहराएंगे।” बता दें कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के 15 साल के कार्यकाल के दौरान राज्य के अधिकांश उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्र संघ चुनाव नहीं कराए गए थे।
विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने उठाए सवाल
उच्च शिक्षण संस्थानों में हालिया झड़पों के बाद छात्र संघ चुनाव कराने की मांग तेज हो गई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने भाजपा सरकार पर चुनाव न कराने का आरोप लगाते हुए मांग की कि सरकार स्पष्ट करे कि सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में तत्काल छात्र संघ चुनाव कराए जाएंगे या नहीं।




