पलामू : पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के गाड़ी गांव में नेशनल हाईवे-39 पर मंगलवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सामने से आ रही पिकअप ने युवक की बाइक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान जियाउल हक के रूप में हुई है। वह छतरपुर में रह रहे थे और पेशे से दुकानदार थे। हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है।
डालटनगंज जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, जियाउल हक मंगलवार को बाइक से डालटनगंज जा रहे थे। इसी दौरान पड़वा थाना क्षेत्र के गाड़ी गांव के पास सामने से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में जियाउल की मौत हो गई। जियाउल हक मूल रूप से पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर के रहने वाले थे, लेकिन फिलहाल छतरपुर में रह रहे थे।
पुलिस ने पिकअप को किया जब्त
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पिकअप पर सब्जियां लदी हुई थीं। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की आगे की जांच कर रही है।
पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया, “पिकअप और बाइक के बीच टक्कर हुई, जिसमें युवक की मौत हुई है। पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए पिकअप को जब्त कर लिया है। पिकअप पर सब्जी लदी हुई थी। पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है और आगे की अनुसंधान भी कर रही है। जियाउल एक दुकानदार थे।”
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की जानकारी मिलने के बाद जियाउल हक के परिजन और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
हादसे वाली जगह पर पहले भी जा चुकी हैं जानें
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, गाड़ी गांव में जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है। मंगलवार को हुए हादसे के बाद एक बार फिर इस जगह पर सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई।

