पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस मांग को रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार उठाया था। रेलवे बोर्ड ने गुरुवार (27 अगस्त) को ट्रेन संख्या 18189/18190 के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रयोगात्मक आधार पर ठहराव को स्वीकृति दी है। मनोहरपुर में महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी। डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने 3 अप्रैल 2025 को केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इस संबंध में मांग रखी थी।
Read More : सारंडा में डायन बताकर महिला का गला दबाने का आरोप, थाने में शिकायत
उन्होंने अपने पत्र में बताया था कि पश्चिमी सिंहभूम का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन राउरकेला, रांची और झारखंड-बंगाल के प्रमुख रेल मार्गों से जुड़ा है। जामदा, किरीबुरू, गुवा और बड़बिल समेत आसपास के महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह स्टेशन काफी महत्वपूर्ण है।
रेल मंत्रालय ने कराई ऑपरेशनल फिजिबिलिटी जांच
डॉ. वर्मा ने टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के मनोहरपुर में ठहराव की मांग उठाई थी। इसके बाद रेल मंत्रालय ने 1 जुलाई 2025 को संबंधित अधिकारियों को मामले की ऑपरेशनल फिजिबिलिटी चेक करने का निर्देश दिया था। लगातार प्रयासों और रेल मंत्रालय के स्तर पर हुई कार्रवाई के बाद रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को ट्रेन संख्या 18189/18190 टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव को प्रयोगात्मक आधार पर मंजूरी दे दी।
सुविधाजनक तिथि से शुरू होगा ठहराव
रेलवे बोर्ड ने ट्रेन का ठहराव जल्द से जल्द सुविधाजनक तिथि से शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस फैसले से मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है। डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने निर्णय के लिए रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मनोहरपुर में ट्रेन का ठहराव क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि मनोहरपुर और आसपास के लोगों की यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी। यात्रियों, श्रमिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस मुद्दे को रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार उठाया गया।
औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी मिलेगा लाभ
डॉ. वर्मा ने कहा कि रेलवे बोर्ड की स्वीकृति जनहित के प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ट्रेन के ठहराव से पश्चिमी सिंहभूम के यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी और मनोहरपुर क्षेत्र की औद्योगिक, व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े विषयों को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। मनोहरपुर एवं पश्चिमी सिंहभूम के क्षेत्रवासियों ने रेलवे बोर्ड के निर्णय का स्वागत किया है। क्षेत्रवासियों ने राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।




