कोलकाता में दुर्गा पूजा 2026 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। कोलकाता के कला की नगरी कुम्हारटोली में मूर्तिकार मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इस बार की दुर्गा पूजा कोलकाता के लोगों के लिए बेहद खास और अनूठी होने जा रही है। पहली बार शहर के एक मॉल साउथ सिटी मॉल में विधि-विधान के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन होगा। मालूम की अब अब तक साउथ सिटी मॉल में केवल मां दुर्गा की सांकेतिक प्रतिमा या सजावट की जाती थी( इस बार मॉल के कैंपस में एक भव्य पूजा पंडाल का निर्माण किया जा रहा है।
संपूर्ण वैदिक रीति-रिवाज से होगी पूजा
मॉल के निदेशक दीप विश्वास ने बताया कि ‘कोला बाउ स्नान’ से लेकर ‘अष्टमी अंजली’ तक सभी धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ पुजारी संपन्न करायेंगे। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा सामाजिक मिलन का सबसे बड़ा मंच है। हम चाहते हैं कि लोग शॉपिंग, खान-पान और दोस्तों के साथ ‘अड्डा’ (बातचीत) के बीच ही पूजा के पवित्र माहौल और उत्सव का भी आनंद लें।
पूजा पंडाल का थीम है यात्रा
प्रसिद्ध कलाकार शुभंकर दत्त निर्माण कार्य कर रहे हैं. पंडाल का थीम ‘यात्रा’ रखी गयी है। इसमें ग्रामीण इलाकों के पारंपरिक ‘हाट’ (बाजार) से लेकर आधुनिक ‘शॉपिंग मॉल’ तक के विकास के सफर को दर्शाया जायेगा। साथ ही, लोक कथाओं से जुड़ी मां दुर्गा की अनसुनी कहानियों को भी दिखाया जायेगा।
उन्होंने बताया कि मॉल के भीतर विशाल पंडाल बनाना अपने आप में एक चुनौती है। कलाकार शुभंकर दत्त ने बताया कि मॉल की सुरक्षा, वायु संचार और संरचनात्मक स्थिरता बनाये रखने के लिए इंजीनियरों के साथ विशेष चर्चा के बाद निर्माण कार्य शुरू किया गया है। जहां भक्तों की व्यवस्था के लिए व्यापक उपाय के साथ बेहतर से बेहतर व्यवस्था की जा रही है। जहां भक्त पूजा के दौरान मां भवानी के सुलभ दर्शन कर सकें।




