रांची : झारखंड भाजपा ने विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर निर्वाचन विभाग को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने खासकर संथाल परगना प्रमंडल में सामने आ रही विसंगतियों पर चिंता जताते हुए मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह SIR के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर यह ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराने, दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश देने की मांग की।
Read More : नेपाल बाढ़ : PM मोदी ने नेपाली पीएम से की बात, हर मदद का दिया भरोसा
स्वच्छ मतदाता सूची को लेकर उठाए सवाल
ज्ञापन में कहा गया है कि स्वच्छ और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र का मजबूत आधार है। इसी उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग की ओर से SIR-2026 की प्रक्रिया चल रही है। भाजपा ने कहा कि इसका उद्देश्य एक भी भारतीय मतदाता का नाम छूटने से रोकना और किसी गैर-भारतीय का नाम मतदाता सूची में शामिल न होने देना है। पार्टी का आरोप है कि झारखंड में कई अधिकारी और कर्मचारी इस नियम के विपरीत कार्य कर रहे हैं। भाजपा ने विशेष रूप से संथाल परगना प्रमंडल में सामने आ रही विसंगतियों को राज्य के लिए चिंताजनक बताया है। ज्ञापन के साथ संबंधित समाचार पत्रों की छाया प्रतियां भी संलग्न की गई हैं।
No Mapping मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराने की मांग
ज्ञापन में कहा गया है कि 15 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि में फॉर्म-6, 7 और 8 भरे जाने हैं। पार्टी ने कहा कि वर्तमान प्रारूप मतदाता सूची में जिन लोगों के नाम दर्ज हैं, लेकिन सत्यापन के लिए 2003 का कोई आधार उपलब्ध नहीं कराया गया है, ऐसे मतदाताओं के नाम ‘No Mapping’ सूची में हैं। भाजपा ने मांग की कि ऐसे मतदाताओं की सुनवाई के बाद स्वीकृत सूची विधानसभा के अनुसार उपलब्ध कराई जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
राजमहल विधानसभा में मतदाता संख्या को लेकर दावा
ज्ञापन में साहेबगंज जिले के राजमहल विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 343, गृह संख्या 01 का उदाहरण दिया गया है। भाजपा के अनुसार, वर्ष 2019 की मतदाता सूची में यहां चार मतदाताओं के नाम थे, जबकि 25 जुलाई 2024 को प्रकाशित मतदाता सूची में संख्या बढ़कर 39 हो गई। ज्ञापन में सैयद अली की उम्र 69 वर्ष और उनके पुत्र गफूर शेख की उम्र 67 वर्ष होने का उल्लेख किया गया है। इसी बूथ को लेकर भाजपा ने आजाद अली का भी जिक्र किया है। पार्टी के अनुसार, 2019 की सूची में आजाद अली की उम्र 34 वर्ष थी, जबकि 2024 की सूची में उनका नाम नहीं है और उनकी पत्नी आयसा का नाम दर्ज है, जिनकी उम्र 64 वर्ष बताई गई है। इसके अलावा राजमहल विधानसभा के बूथ संख्या 187, गृह संख्या 137 को लेकर भी भाजपा ने मतदाताओं की संख्या में बदलाव का दावा किया है। पार्टी के अनुसार, 2019 की सूची में यहां 12 मतदाता थे, जबकि वर्तमान मतदाता सूची में यह संख्या बढ़कर 26 हो गई है।
साहेबगंज और गोड्डा में भी विसंगतियों का आरोप
भाजपा ने साहेबगंज जिले के बोरियो विधानसभा क्षेत्र के मंडरो प्रखंड स्थित लालमाटी गांव का भी उल्लेख किया है। ज्ञापन में पार्टी ने दावा किया कि गांव में एक भी मुस्लिम घर नहीं है, लेकिन मतदाता सूची में दर्जनों मुस्लिम मतदाताओं के नाम शामिल हैं और तेलियागढ़ी बूथ पर उनके मतदान करने की बात कही गई है। ज्ञापन में साहेबगंज जिले में उम्र संबंधी विसंगतियों का भी आरोप लगाया गया है। भाजपा के अनुसार, कुछ मामलों में 15 वर्ष के मतदाता को पिता और उसी मतदाता को 30 वर्ष की उम्र में दादा बताया गया है। इसके अलावा कुछ मामलों में पिता और पुत्र की उम्र में सिर्फ 2-3 वर्ष का अंतर होने का दावा किया गया है।
फार्म-7 लेने से इनकार का आरोप
भाजपा ने 25 अगस्त 2026 को गोड्डा विधानसभा के बसंतराय प्रखंड में बूथ संख्या 9 और 38 से जुड़े मामले का भी उल्लेख किया। पार्टी के अनुसार, BLA-2 की ओर से प्रस्तुत फार्म-7 लेने से BLO ने स्पष्ट रूप से मना कर दिया। भाजपा के BLA-1 ने इसकी मौखिक सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा को दी, लेकिन पार्टी का दावा है कि अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि गोड्डा विधानसभा के बूथ संख्या 9 पर BLA-2 की ओर से दिए गए फार्म-7 और BLA-2 के नाम व दल की जानकारी BLO ने सार्वजनिक कर दी। भाजपा का कहना है कि इसके बाद BLA-2 को स्थानीय स्तर पर दबाव और धमकी का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने इसे भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन बताया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान बबन गुप्ता और सुनील साहू भी मौजूद रहे।



