पटना। बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों से स्नातक संकाय में उत्तीर्ण करीब डेढ़ लाख छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का भुगतान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने दिसंबर, 2025 तक स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं का डेटा सत्यापित कर लिया है। जिन 2234 छात्राओं का डेटा अधूरा पाया गया है उसे सप्ताह भर में ठीक करने का निर्देश संबंधित विश्वविद्यालयों को दिया गया है।
मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि लाभुकों के बैंक खाते में भेजने की तैयारी हो रही है। इसके लिए वित्त विभाग ने राशि की स्वीकृति दे दी है।
विभाग के अंतर्गत संचालित उच्च शिक्षा निदेशालय ने 17 विश्वविद्यालयों द्वारा स्नातक संकाय में उत्तीर्ण छात्राओं का डेटा का सत्यापन के बाद 10 सितंबर तक सभी लाभुकों के खाते में प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। उच्च शिक्षा निदेशक प्रो.एनके अग्रवाल के मुताबिक मुख्यमंत्री बालिका (स्नातक) प्रोत्साहन योजना में स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को 50-50 हजार रुपये देने का प्रविधान है।
इन विश्वविद्यालयों से लिया डेटा
उच्च शिक्षा विभाग के पोर्टल पर जिन लाभुक छात्राओं का डेटा उपलब्ध कराया गया था उनमें पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना विश्वविद्यालय, बीएन मंडल विश्वविद्यालय, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, जयप्रकाश विश्वविद्यालय, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, मुंगेर विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय, मगध विश्वविद्यालय, मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय, नालंदा खुला विश्वविद्यालय, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय तथा चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान की स्नातक पास छात्राएं शामिल हैं।


