हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घरेलू विवाद के दौरान एक पिता ने अपने ही छह वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक मासूम बच्चे की पहचान अंश कुमार (6 वर्ष) के रूप में की गई है।
Read More : सीएम योगी का बड़ा ऐलान, 50 हजार छात्राओं को मिलेगी स्कूटी
सास-बहू के विवाद के बीच पिता ने बेटे को फर्श पर पटका
मामले को लेकर मृतक बच्चे की मां निराली कुमारी ने कटकमसांडी थाने में अपने पति के खिलाफ नामजद आवेदन देकर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, घर में निराली कुमारी का अपनी सास के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान उनका पति आकाश कुमार वहां पहुंचा और उग्र हो गया। आरोप है कि आकाश ने कमरे में बिस्तर पर सो रहे मासूम अंश को उठाया और घर के पीछे कुएं के पास ले गया। वहां उसने पक्के ढलाई वाले फर्श पर बच्चे को जोर से पटक दिया, जिससे अंश का सिर गंभीर रूप से चोटिल हो गया और वह बुरी तरह घायल हो गया।
रास्ते में तोड़ा दम
घटना के बाद मां निराली कुमारी ने पति से बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी पिता इलाज कराने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद बदहवास मां अपने गंभीर रूप से घायल बेटे को लेकर किसी तरह हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स (RIMS), रांची रेफर कर दिया। हालांकि, रांची पहुंचने से पहले ही मासूम अंश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
आरोपी पिता गिरफ्तार, भेजा गया जेल
घटना की जानकारी मिलते ही कटकमसांडी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो जाएगी।




