गिरिडीह।  मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नीचे पहाड़ीडीह गांव में बुधवार को ईद-ए-मिलाद-उन्नबी की तैयारी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर झंडा लगाने के दौरान हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सब्बीर अंसारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जाता है कि ईद-ए-मिलाद-उन्नबी को लेकर सब्बीर अंसारी अपने घर की छत पर झंडा लगा रहा था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज बिजली तार के संपर्क में वह आ गया। करंट लगने से युवक गंभीर रूप से झुलसकर छत पर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग आनन-फानन में सब्बीर को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए।
एक साल पहले हुई थी शादी, पत्नी गर्भवती
परिजनों के मुताबिक, सब्बीर अंसारी की शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है। ऐसे में कम उम्र में पति की मौत से पत्नी और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
घर के बेहद करीब से गुजर रहा था हाई वोल्टेज तार
स्थानीय लोगों के अनुसार, घर की छत के काफी करीब से हाई वोल्टेज बिजली का तार गुजर रहा है। इसी वजह से झंडा लगाने के दौरान युवक तार की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने बताया कि आबादी वाले इलाकों में इस तरह नजदीक से गुजर रहे हाई वोल्टेज तारों के कारण भविष्य में भी गंभीर हादसे का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि आबादी वाले इलाकों और घरों के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तारों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
युवक की असमय मौत से नीचे पहाड़ीडीह गांव में ईद-ए-मिलाद-उन्नबी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार के सामने गर्भवती पत्नी और आने वाले बच्चे की जिम्मेदारी का भी बड़ा संकट खड़ा हो गया है।