पटना : बिहार की राजधानी पटना में 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा को रद्द करने और विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं में सुधार की मांग को लेकर मंगलवार को अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गांधी मैदान से लोकभवन की ओर मार्च निकाल रहे प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ दी और प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का प्रयोग किया, लेकिन जब छात्र पीछे नहीं हटे, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। इस दौरान लाठी लगने से एक छात्र के सिर में गंभीर चोट आने की खबर है।
Read More : दुमका में विधायक के घर से युवक का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
गांधी मैदान से राजभवन मार्च के दौरान बवाल
70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने और TRE-4.0 को सिंगल स्टेज में कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थी पिछले नौ दिनों से आंदोलनरत हैं। मंगलवार को हजारों छात्र गांधी मैदान में एकत्र हुए और राजभवन की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने रास्ते में भारी बैरिकेडिंग कर रखी थी। छात्रों ने पुलिस के घेरे को तोड़ दिया और आगे बढ़ गए। मौके पर तैनात DSP कामाख्या नारायण सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शनकारियों को किसी भी हाल में प्रतिबंधित सुरक्षा क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत सकारात्मक रही है, लेकिन यदि नियम तोड़े गए तो पुलिस सख्त रुख अपनाएगी।
#WATCH: पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल। #Bihar #Patna #BPSC #StudentProtest #gandhimaidan #PoliceAction #watercannon #BiharNews #PatnaNewsToday pic.twitter.com/3eoQpKWlpy
— JH LIVE (@jhliveonline) August 25, 2026
TRE-4 में सिंगल स्टेज और नेगेटिव मार्किंग खत्म करने की मांग
प्रदर्शन स्थल पर मौजूद कांग्रेस नेता सुशील कुमार ने कहा कि छात्र केवल BPSC ही नहीं, बल्कि TRE-4.0, BSSC और बिहार पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती से जुड़े मुद्दों का भी समाधान चाहते हैं। छात्रों की मुख्य मांगें हैं –
प्रस्तावित दो चरणों के बजाय परीक्षा केवल सिंगल स्टेज (एक चरण) में आयोजित की जाए।
TRE-4.0 परीक्षा से नेगेटिव मार्किंग को पूरी तरह समाप्त किया जाए।
BSSC, दारोगा भर्ती और BPSC की सभी आगामी परीक्षाओं का आधिकारिक विज्ञापन और स्पष्ट समयबद्ध कैलेंडर जारी हो।
सुशील कुमार ने आरोप लगाया कि अभ्यर्थी 9 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार ठोस आश्वासन देने के बजाय बल प्रयोग कर रही है।
तेजस्वी यादव ने CM को लिखा पत्र
छात्र आंदोलन के बीच बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर सरकार से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में प्रमुख बिंदु उठाए :
TRE-4 परीक्षा : इसे तुरंत एक ही चरण में कराने का निर्देश जारी किया जाए।
पक्षपात का अंत : BPSC सिविल सेवा मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में हिंदी भाषी अभ्यर्थियों के साथ हो रहे कथित भेदभाव को तुरंत समाप्त किया जाए।
पारदर्शिता व जांच : SI, कांस्टेबल, BSSC और BPSC की सभी परीक्षाओं में धांधली की उच्चस्तरीय जांच हो और ‘भर्ती माफिया’ पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
परीक्षा कैलेंडर : BSSC इंटरमीडिएट, CGL, ASO, BSO, लाइब्रेरियन और अकाउंटेंट भर्तियों का लंबित परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाए।
फिलहाल पटना के सभी प्रमुख इलाकों और राजभवन जाने वाले मार्गों पर पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम लागू हैं।




