चेन्नई : तमिलनाडु विधानसभा में एक बड़ा नीतिगत फैसला लेते हुए सीएम विजय ने घोषणा की है कि राज्य सरकार परंदूर में प्रस्तावित नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण प्रक्रिया को रोक देगी। सीएम ने स्पष्ट किया कि कृषि भूमि के अधिग्रहण और स्थानीय किसानों व निवासियों की आजीविका पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
Read More : JPSC परीक्षा विवाद : 14वीं सिविल सेवा परीक्षा पर SC में सुनवाई आज
किसानों और 12 गांवों के समर्थन में उतरे सीएम विजय
सीएम जोसेफ विजय ने बताया कि 20 जनवरी 2025 को उन्होंने एगनापुरम और आसपास के प्रभावित इलाकों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी थीं। सीएम विजय ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और परंदूर तथा आसपास के 12 गांवों के निवासी अपनी उपजाऊ जमीनों को बचाने के लिए जो आंदोलन कर रहे हैं, सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। विजय ने ध्यान दिलाया कि उन्होंने अक्तूबर 2024 में विक्रवंडी में आयोजित एक जनसभा के दौरान ही इस परियोजना का विरोध किया था और जनता से किया वादा निभाते हुए अब इसके लिए उठाए गए सभी सरकारी कदमों को वापस लिया जा रहा है।
वैकल्पिक स्थान की तलाश करेगी सरकार
सीएम विजय ने स्पष्ट किया कि वह राज्य के औद्योगिक विकास, व्यापार और माल ढुलाई के लिए नए एयरपोर्ट की आवश्यकता से इनकार नहीं करते हैं। चेन्नई के मौजूदा मीनांबक्कम एयरपोर्ट की सालाना लगभग तीन करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता है और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए दूसरा एयरपोर्ट जरूरी है। हालांकि, विजय ने वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ चर्चा के बाद कहा कि नया एयरपोर्ट परंदूर में नहीं बनेगा, बल्कि किसी ऐसी वैकल्पिक जगह पर बनाया जाएगा जहां उपजाऊ कृषि भूमि और आवासीय बस्तियों पर न्यूनतम प्रभाव पड़े।
केंद्र की मंजूरी और राजनीतिक प्रतिक्रिया
बता दें कि कांचीपुरम जिले के परंदूर में बनने वाले इस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को अप्रैल 2025 में नागरिक उड्डयन मंत्रालय से ‘इन-प्रिंसिपल’ (सैद्धांतिक) मंजूरी मिल चुकी थी। इधर, फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और डीएमके नेता थंगम थेन्नारसु ने कहा कि चेन्नई में नए हवाई अड्डे की तत्काल आवश्यकता है, क्योंकि यात्रियों की संख्या के मामले में चेन्नई देश में तीसरे से फिसलकर पांचवें स्थान पर पहुंच चुका है और आर्थिक प्रगति के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचा अनिवार्य है।




