गिरिडीह : गिरिडीह सदर अस्पताल में बीती रात युवती को परेशान करने के आरोप में पहुंचे युवक की परिजनों ने जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने युवक को बचाकर हिरासत में ले लिया। युवक की पहचान पचम्बा थाना क्षेत्र के कमरशाली निवासी गुड्डू शर्मा के तौर पर की गई है।
Read More : रांची में HDFC बैंक की इमारत में अचानक लगी आग, उठीं ऊंची लपटें
युवती के पीछे लगा था युवक
मिली जानकारी के अनुसार गुड्डू शर्मा एक युवती के पीछे लगा हुआ था। युवती इन दिनों सदर अस्पताल में भर्ती है। रविवार रात युवक अस्पताल पहुंच गया। इसी दौरान युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने गश्त पर निकले टाइगर मोबाइल के जवानों को मौके पर भेजा। जवानों ने अस्पताल पहुंचकर युवक को परिजनों के कब्जे से छुड़ाया और हिरासत में ले लिया।
परिजनों ने लगाए परेशान करने के आरोप
युवती के परिजनों का कहना है कि गुड्डू नाम का युवक उसे लगातार परेशान कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, लगातार हो रही परेशानी के कारण युवती की तबीयत बिगड़ गई और उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद भी युवक अस्पताल पहुंच गया।
पुलिस ने क्या कहा?
नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि एक युवती सदर अस्पताल में भर्ती है। युवक वहां पहुंचा था। इसी दौरान उसके परिजनों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। उन्होंने बताया कि समय पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को पीटने से बचा लिया। युवक की पहचान गुड्डू शर्मा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही युवक की पिटाई करने वालों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।





