जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित भुडरूडीह कैनाल किनारे रविवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी।
Read More : बेटे को करंट से बचाने की कोशिश में मां की मौत, बेटा और बहू की हालत गंभीर
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह कैनाल किनारे महिला का शव दिखाई देने के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
दुष्कर्म की चर्चा, पुलिस ने कहा- जांच के बाद ही होगी पुष्टि
घटनास्थल पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने शव की स्थिति को देखते हुए महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और शरीर का ऊपरी तथा निचला हिस्सा नग्न अवस्था में था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुष्कर्म की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में कोई निष्कर्ष निकाला जाएगा। स्थानीय लोगों ने मानवता के नाते शव को तौलिये से ढक दिया। पुलिस ने भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।
पहचान और हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, महिला के हाथों में ताजा मेहंदी लगी हुई थी, जो पूरी तरह फीकी नहीं पड़ी थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह हाल ही में किसी शादी या पारिवारिक समारोह में शामिल हुई होगी। मृतका की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को भुडरूडीह कैनाल किनारे लाकर फेंका गया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल शुरुआती अनुमान है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और मृतका की पहचान के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।




