हजारीबाग : शहर की बंगाली कॉलोनी स्थित गुप्ता अपार्टमेंट में हाईकोर्ट की वकील अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका के पिता सुनील चक्रवर्ती और भाई देवजीत चक्रवर्ती ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने अनुष्का के पति कुशाग्र रुद्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। अनुष्का रांची स्थित हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करती थीं। गुरुवार सुबह बंगाली कॉलोनी के गुप्ता कॉम्प्लेक्स स्थित फ्लैट नंबर 304 में उनका शव मिला था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Read More : गिरिडीह में दुर्गा पूजा कार्यक्रम के दौरान बवाल, दो पुलिसकर्मी घायल
हिंदी में WhatsApp मैसेज भेजने पर उठे सवाल
आज यानी शुक्रवार को अनुष्का के भाई देवजीत चक्रवर्ती ने मीडिया को बताया कि उनकी बहन आमतौर पर अपनी मां से फोन या वॉयस कॉल के जरिए बात करती थीं। अगर वह मैसेज भेजती भी थीं, तो बंगाली में टाइप करके भेजती थीं। लेकिन घटना वाले दिन उनकी मां को हिंदी में टाइप किया हुआ WhatsApp मैसेज मिला। देवजीत ने इस बात को संदिग्ध बताते हुए मैसेज की जांच कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि इस संदेश और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच होनी चाहिए।
मिसकैरेज के बाद प्रताड़ित करने का आरोप
अनुष्का के परिजनों ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उनका मिसकैरेज हुआ था। इसके बाद उनके पति कुशाग्र रुद्र और ससुराल पक्ष के लोग कथित तौर पर बच्चा पैदा नहीं कर पाने को लेकर उन्हें ताने देते थे और प्रताड़ित करते थे। परिजनों के अनुसार, बुधवार को अनुष्का दुर्गापूजा के सिंदूर खेला कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। इस दौरान सामने आई तस्वीरों और वीडियो में वह खुश नजर आ रही थीं। ऐसे में देर रात उनकी मौत की खबर मिलने से परिवार सदमे में है।
क्या लिखा था मां को भेजे गए मैसेज में?
परिजनों के मुताबिक, अनुष्का की मां को भेजे गए संदेश में लिखा था, “मां हमको माफ कर दो पर हम और बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। हमको पता है हम दोबारा घर नहीं आ सकते हैं। हमको मेरा पति ही बोल दिया है कि मेरा लाश जाएगा यहां से तो यही ठीक है। हम नहीं जी पाएंगे पर अब और थक गए हम। अब और नहीं हो पा रहा है। सॉरी मां” परिजनों ने इस संदेश की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठाए हैं और इसकी जांच की मांग की है।

दरवाजा तोड़ने पर कमरे में मिला शव
घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की है। बंगाली कॉलोनी स्थित गुप्ता कॉम्प्लेक्स के फ्लैट नंबर 304 में काम करने वाली नौकरानी पहुंची थी। उसने मुख्य दरवाजे से अनुष्का को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर इंतजार करने के बाद उसने घर के दूसरे सदस्य को सूचना दी। इसके बाद पति का ड्राइवर वहां पहुंचा। उसे मुख्य दरवाजे का पासवर्ड पता था, इसलिए उसने दरवाजा खोल दिया। अंदर अनुष्का के कमरे का दरवाजा बंद मिला। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और वहां मौजूद लोगों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अनुष्का का शव पंखे से लटका मिला।
रामगढ़ विधायक ममता देवी ने परिजनों से की मुलाकात
गुरुवार देर रात अनुष्का के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। रामगढ़ के गोला निवासी उनके माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ की विधायक ममता देवी और मांडू से जेएलकेएम के विधानसभा प्रत्याशी रहे बिहारी महतो भी शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। दोनों ने परिजनों से मुलाकात की। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से कुशाग्र रुद्र उनसे संपर्क में नहीं हैं और मौके पर भी मौजूद नहीं थे। परिवार ने आशंका जताई है कि वह घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




