रांची : रांची में डब्ल्यूआईसीसीआई (WICCI) की सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण परिषद की ओर से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों का हौसला बढ़ाने और उनके चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए एक विशेष मनोरंजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों के मनोरंजन के लिए जादुई खेल (मैजिक शो) और संगीतमय प्रस्तुतियां दी गईं, जिसका बच्चों ने भरपूर लुत्फ उठाया।
Read More : झारखंड की ग्रामीण महिला उद्यमियों के लिए बड़ी पहल, IIM कलकत्ता और JSLPS ने शुरू किया इनक्यूबेटर कार्यक्रम
सामाजिक भेदभाव दूर करने और रक्तदान को बढ़ावा देने पर जोर
WICCI की अध्यक्षा, अधिवक्ता सोनाली भट्टाचार्य ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के साथ समाज में होने वाले भेदभाव को समाप्त करना है। उन्होंने आम लोगों से नियमित रक्तदान को एक सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की अपील की। वहीं, संस्था की उपाध्यक्ष वीणा श्री ने कहा कि थैलेसीमिया पीड़ितों के प्रति सामाजिक प्रताड़ना को खत्म करने के लिए आने वाले दिनों में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
JSCA अध्यक्ष अजय नाथ ने दिया सहयोग का भरोसा
कार्यक्रम में गायक पराग भूषण ने बच्चों के लिए सुरीले गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा माहौल संगीतमय हो गया। आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ ने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। इस मौके पर अरशद उबैद, साधना झा, प्रीति सिन्हा, रीता कुमारी, अनीता गुप्ता, आभा कुमारी, कंचन कौर, जया सरकार, पूजा बांका, शगुफ्ता यासमीन, पूनम सिंह, रीना सिंह, वजीद अली, अबया वर्मा, कामिनी वर्मा, संध्या सरकार, स्वाति, पल्लवी शर्मा, सोनी पाठक, शिव किशोर शर्मा, नदीम खान, इंजीनियर शाहनवाज अब्बास, अकरम रशीद, बुलंद अख्तर, वसीम और नंदू राम समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








