नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विपक्षी INDIA गठबंधन की ओर से आयोजित ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली और मार्च के दौरान एक नया सियासी घमासान छिड़ गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए केंद्र की भारतीय जनता पार्टी पर कनाट प्लेस की दुकानें जबरन बंद कराने का सीधा आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्होंने रैली में शामिल होने आ रहे लाखों लोगों से दिल्ली के स्थानीय व्यापारियों का समर्थन करने और त्योहारों के सीजन में खरीदारी करने की अपील की थी, लेकिन कनाट प्लेस पहुंचने पर पता चला कि सभी दुकानें जबरदस्ती बंद करा दी गई हैं।
रैली और मार्च में हिस्सा लेने कनाट प्लेस पहुंचे राहुल गांधी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि “हमने सब लोगों से कहा कि जब आप मार्च और महारैली के लिए यहां आएंगे, चीजें खरीदें, खरीदारी करें। मगर, यहां कनोट प्लेस में आते हुए हमें पता लगा कि बीजेपी ने सारी की सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दीं, फोर्सिबली बंद करवाई। तो ट्रेडर्स का नुकसान कौन कर रहा है, कैसे हो रहा है, यह आप जान लीजिए।” इससे पहले शनिवार देर रात भी राहुल गांधी ने एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर देश भर से दिल्ली आ रहे समर्थकों से त्योहारों के इस मौसम में दिल्ली के व्यापारियों का सहयोग करने का आह्वान किया था।
त्योहारी सीजन का जिक्र करते हुए एक दिन पहले राहुल गांधी ने अपने संदेश में लिखा था कि बीजेपी अफवाह फैला रही है कि विपक्षी रैली से कारोबारियों को नुकसान होगा। उन्होंने अपील की थी, “प्रोटेस्ट और मार्च कीजिए, साथ ही थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए जिससे छोटे दुकानदारों और व्यापारियों का फायदा हो। व्यापारी वर्ग को रैली से कोई नुकसान नहीं होगा, बीजेपी डरी हुई है इसलिए अफवाहें फैला रही है।” रविवार को जब विपक्ष का मार्च मिंटो रोड और कनाट प्लेस चौराहे की तरफ बढ़ा, तो वहां की दुकानें बंद पाई गईं। राहुल गांधी ने इसी स्थिति को आधार बनाते हुए सत्ता पक्ष की मंशा पर सवाल खड़े किए।
also read : जेसोवा दिवाली मेला में झारखंड की मत्स्य परंपरा, पोषण और आजीविका की अनूठी प्रस्तुति


