कोलकाता : पश्चिम बंगाल के CM सुवेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर की मंगलवार को खराब मौसम के चलते एहतियाती लैंडिंग कराई गई। अधिकारियों के मुताबिक, पायलट ने मौसम की स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर को कोलाघाट इलाके के एक खुले मैदान में उतारा। घटना में CM के सुरक्षित होने की जानकारी है। अधिकारियों के अनुसार, सुवेंदु अधिकारी मंगलवार को दमदम से हेलीकॉप्टर के जरिए केशपुर के लिए रवाना हुए थे। उन्हें स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था।
Read More : JPSC परीक्षा गड़बड़ी में अरुण शर्मा गिरफ्तार, मुंबई से रांची लाया गया
खराब मौसम के चलते लिया फैसला
रास्ते में मौसम अचानक खराब हो गया और बारिश तेज हो गई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने सुरक्षा के लिहाज से हेलीकॉप्टर को कोलाघाट में उतारने का फैसला किया। पायलट ने मौसम की परिस्थितियों का आकलन करने के बाद यह कदम उठाया। एहतियाती लैंडिंग के बाद स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया गया। CM के कार्यक्रम को लेकर स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने आवश्यक इंतजाम किए।
IMD ने बारिश को लेकर दी चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मानसून सक्रिय रहने के कारण बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार से झाड़ग्राम, दक्षिण 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में भारी बारिश हो सकती है। राज्य में अगले सात दिनों के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है।
लगातार बारिश और खराब मौसम का असर सड़क तथा हवाई यातायात पर भी पड़ सकता है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।




