रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितता मामले में रांची पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की टीम मुंबई से गिरफ्तार आरोपी अरुण शर्मा को सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सोमवार को रांची लेकर पहुंची। जांच एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार अरुण शर्मा पर JPSC परीक्षाओं की संचालन प्रक्रिया में गड़बड़ी करने का आरोप है। हालांकि, वह मामले की मुख्य आरोपी एजेंसी टीडीपीएल (TDPL) का हिस्सा न होकर, परीक्षा संचालन से जुड़ी एक अन्य आउटसोर्स एजेंसी से संबद्ध है। फिलहाल पुलिस की विशेष टीम आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
Read More : JPSC-JSSC मुद्दे पर विधानसभा पोर्टिको में लेटे निर्मल महतो, किया विरोध
दूसरी तरफ, झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान अनुपूरक बजट पर चर्चा करते हुए विधायक जयराम महतो ने परीक्षाओं में हुई धांधली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच की मांग की। जयराम महतो ने कहा कि यद्यपि सरकार ने छात्रों से बातचीत के बाद 14वीं JPSC PT परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया है, लेकिन अभ्यर्थियों की मुख्य चिंताएं अब भी बनी हुई हैं। उन्होंने टीडीपीएल एजेंसी के जरिए हुई सभी नियुक्तियों को रद्द करने और सीजीएल (CGL) परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
इसी बीच, झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने एक महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए वन क्षेत्र पदाधिकारी और सहायक वन संरक्षक प्रतियोगिता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक एवं मेडिकल जांच परीक्षा को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। आयोग द्वारा सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, वन क्षेत्र पदाधिकारी पद के अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच 11 अगस्त से 13 अगस्त तक आयोजित होनी थी। वहीं, सहायक वन संरक्षक पद के अभ्यर्थियों के लिए 17 और 18 अगस्त को यह प्रक्रिया तय की गई थी, जिसे फिलहाल रोक दिया गया है।




