नई दिल्ली : संसद के मानसून सत्र 2026 के दूसरे दिन भी विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित की गई, जिसमें पीएम मोदी ने सांसदों को संबोधित करते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी।
Read More : महापंचायत के लिए किसानों का दिल्ली कूच, शंभू बॉर्डर सील
बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने NEET परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह छात्रों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं पूरे देश के लिए चिंता का विषय हैं और इनका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।
रिजिजू के अनुसार, प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया कि पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ शीर्ष कानूनी विशेषज्ञों की सलाह लेकर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं पर सिर्फ केंद्र ही नहीं, बल्कि राज्य सरकारों को भी सख्त कदम उठाने चाहिए।
यह बयान ऐसे समय आया है जब कथित NEET-UG 2026 पेपर लीक को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। सोमवार को प्रदर्शनकारियों का संसद की ओर मार्च हिंसक हो गया था। वहीं, एक प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भी मुलाकात की।
किरण रिजिजू ने ‘मंगल मिलन’ बैठक को बेहद सार्थक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने हाल के महीनों में देश की उपलब्धियों, विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) और अन्य राष्ट्रीय मुद्दों पर सांसदों का मार्गदर्शन किया। बैठक में नव-निर्वाचित राज्यसभा सदस्यों, जिनमें नितिन नवीन भी शामिल हैं, का स्वागत किया गया।
FTA पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार किसी भी व्यापार समझौते में किसानों के हितों से समझौता नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर FTA में किसानों की भलाई सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और ऐसे समझौते देश और किसानों दोनों के हित में होंगे।



