नई दिल्ली/रांची : रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ ने पटना में आयोजित डॉ. श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह के मंच से कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वर्गीय पिता के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।
श्री सेठ ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व राजनीतिक हताशा में शिष्टाचार और लोकतांत्रिक मर्यादा की सीमाएं लांघ रहा है। प्रधानमंत्री जी की नीतियों और कार्यों का विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन उनके स्वर्गीय पिता को राजनीतिक विवाद में घसीटना निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी पराजयों से निराश कांग्रेस अब राजनीतिक विरोध और व्यक्तिगत अपमान के बीच का अंतर भूल चुकी है। भारतीय लोकतंत्र में वैचारिक मतभेदों के लिए पर्याप्त स्थान है, लेकिन किसी के स्वर्गीय माता-पिता के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की कोई जगह नहीं हो सकती।
श्री सेठ ने कांग्रेस अध्यक्ष से इस अमर्यादित बयान के लिए देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक संस्कार और सार्वजनिक जीवन की गरिमा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है, जितनी सत्ता और विपक्ष की भूमिका।




