बोकारो: गुप्त सूचना के आधार पर चास थाना पुलिस ने महावीर चौक के समीप छापेमारी कर कथित रूप से अवैध लॉटरी बेच रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से 90 पीस लॉटरी टिकट और 1,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नीरज कुमार और शंकर मोदक के रूप में हुई है। दोनों चास मेन रोड के रहने वाले बताए गए हैं।
थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि चास क्षेत्र में लंबे समय से अवैध लॉटरी कारोबार संचालित होने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को पकड़ा।
पुलिस ने बरामद लॉटरी टिकट और नकदी को जब्त कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने कहा कि अवैध लॉटरी के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








