रांची : राजधानी रांची के बुढ़मू थाना इलाके में आज यानी बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसा चौकी टॉड के पास झीलया नदी के नजदीक हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही गांव के लोग और मृतकों के घरवाले गुस्से से भर गए। सभी सड़क पर उतर आए और रास्ता जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि इस सड़क पर भारी गाड़ियों का चलना बंद कराया जाए। उनका कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार के चलते इस रास्ते पर आए दिन हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जा रही है।
Read More : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF पर फायरिंग, हमलावरों की तलाश तेज
खरकु टोला जा रहे थे दोनों युवक
मृतकों की पहचान टंडवा प्रखंड के दूंडुवा पांडे मोड़ निवासी कुलदीप महतो (35) और प्रकाश महतो (24) के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक से खरकु टोला, पतरातू जा रहे थे। इसी दौरान झीलया नदी के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक ट्रक की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक मां भगवती ट्रांसपोर्ट, कुमडांग का बताया जा रहा है।
भारी वाहनों की आवाजाही पर ग्रामीणों का विरोध
हादसे की सूचना मिलते ही बुढ़मू पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दोनों युवकों की मौत की खबर सुनकर उनके परिजन और आसपास के गांवों के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना कोयला लदे सैकड़ों भारी वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद वाहनों की रफ्तार और आवाजाही नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
भारी वाहनों पर रोक लगाने की मांग
ग्रामीणों ने कहा कि तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण इस मार्ग पर हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। जब तक भारी वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक हादसों पर रोक लगाना मुश्किल है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
थाना प्रभारी ने कहा…
बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा ने बताया, “बुढ़मू थाना क्षेत्र में एक हादसा हो गया है, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हुई है। ग्रामीणों ने जाम लगा दिया था। उन्हें समझा-बुझाकर सड़क से हटा दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।”


