गिरिडीह : गिरिडीह जिले के पचम्बा उप नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीखावा गांव में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के सड़क किनारे स्थित तालाब में कमल का फूल तोड़ने गए दो मासूम बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान रानीखावा निवासी शंकर रजक के 13 वर्षीय पुत्र हार्दिक रजक और विष्णु रजक के 13 वर्षीय पुत्र प्रेम रजक के रूप में हुई है।
Read More : बिहार पुलिस के 18 कर्मियों को पदक, DIG राकेश सिन्हा भी सूची में शामिल
स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे हार्दिक और प्रेम अपने एक अन्य साथी के साथ तालाब किनारे कमल का फूल तोड़ने पहुंचे थे। फूल तोड़ने के प्रयास में दोनों बच्चे तालाब के गहरे पानी की ओर चले गए और अपना संतुलन खो बैठे। उन्हें डूबता देख साथ मौजूद तीसरे बच्चे ने तुरंत भागकर गांव वालों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रानीखावा के ग्रामीण भारी संख्या में तालाब पहुंचे और त्वरित बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत और खोजबीन के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस भी दलबल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस और परिजनों की मदद से दोनों बच्चों को तत्काल इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे रानीखावा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।








