रांची (ठाकुरगांव) : रांची के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैक मोड़ चौक के पास सुबह करीब 6:30 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से गुरुगाई गांव के बुतुरू साहू की 14 साल की बेटी मिठू कुमारी उर्फ मिठू साहू गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बच्ची का दायां पैर कटकर अलग हो गया। मिठू ठाकुरगांव के आदिवासी बाल विकास विद्यालय में नौवीं कक्षा में पढ़ती है। मिली जानकारी के मुताबिक, जेएच 01 सीजे 6266 नंबर की स्कॉर्पियो रातू की ओर से तेज रफ्तार में बुढ़मू की तरफ जा रही थी। इसी दौरान बैक मोड़ चौक के पास हादसा हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
Read More : पलामू में पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, परिजन सम्मानित
हादसे की वजह अभी साफ नहीं
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्कॉर्पियो से टक्कर कैसे हुई और हादसा किन हालात में हुआ, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे की असली वजह का पता लगाया जाना बाकी है।




