गिरिडीह में दर्दनाक हादसा गैस सिलेंडर फटने से चाची-भतीजी की मौत, गांव में पसरा मातम

गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड अंतर्गत जरीसिंगा पंचायत के मनगसो गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में चाची और भतीजी की मौत हो गई। दुर्गापूजा का प्रसाद बनाने के दौरान पांच किलो के गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने

गैस सिलेंडर फटने से चाची-भतीजी की मौ

अपनी भाषा में पढ़ें

गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड अंतर्गत जरीसिंगा पंचायत के मनगसो गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में चाची और भतीजी की मौत हो गई। दुर्गापूजा का प्रसाद बनाने के दौरान पांच किलो के गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया और सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतकों की पहचान वैद्यनाथ विश्वकर्मा की पत्नी कविता देवी (26 वर्ष) और उनके देवर गुड्डू राणा की पांच वर्षीय बेटी शीतल कुमारी के रूप में हुई है। त्योहार की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

प्रसाद बनाते समय लगी आग, फिर हुआ जोरदार विस्फोट

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे कविता देवी अपने घर में दुर्गापूजा का प्रसाद बना रही थीं। इसी दौरान पांच किलो के गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। घर में मौजूद लोगों और आसपास के ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।

विस्फोट इतना जोरदार था कि सिलेंडर उछलकर दरवाजे की किवाड़ से जा टकराया। इस दौरान कविता देवी और शीतल कुमारी उसकी चपेट में आ गईं। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और घर में अफरा-तफरी मच गई।

पांच वर्षीय शीतल की मौके पर मौत, अस्पताल ले जाते समय कविता ने तोड़ा दम

इस भीषण हादसे में शीतल कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कविता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए रेफरल अस्पताल, धनवार ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

एक ही परिवार से जुड़ी दो मौतों की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया। जिस घर में दुर्गापूजा की तैयारियां चल रही थीं, वहां चीख-पुकार मच गई। कविता देवी अपने पीछे पति और एक छोटे बच्चे को छोड़ गई हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

धमाके की आवाज से दहल उठा गांव

मृतका के भैंसुर बिटेश राणा ने बताया कि सिलेंडर में आग लगने के कुछ ही देर बाद जोरदार धमाका हुआ। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने दोनों को बचाने और घायल कविता देवी को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।

दुर्गापूजा के अवसर पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे मनगसो गांव को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार की दो सदस्यों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

also read :हाइवा की टक्कर से युवक की मौत, सिमरिया चौक जाम, मुआवजे व नौकरी की मांग अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर जाम हटाया

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.