रांची : CM हेमंत सोरेन की मां स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की व्यापक तैयारी की है। रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में आज यानी 15 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए राज्य के विभिन्न जिलों और विशेष पुलिस इकाइयों के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। IG (मानवाधिकार) के स्तर से जारी आदेशों में कुल 55 पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किए जाएंगे।
Read More : झारखंड के 4 जिलों में खुलेंगे मेडिकल कॉलेज, जामताड़ा से शुरुआत
15 अक्टूबर से संभालेंगे जिम्मेदारी
पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार, प्रतिनियुक्त अधिकारियों को 15 अक्टूबर के अपराह्न तक अपने निर्धारित स्थान पर योगदान देना है। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 19 अक्टूबर के पूर्वाह्न में उन्हें वापस लौटने का निर्देश दिया गया है। नेमरा में तैनात किए जाने वाले अधिकारियों की सूची में कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। इनमें गिरिडीह के ASP (अभियान) सुरजीत कुमार, जमशेदपुर की रेल DSP जयश्री कुजूर तथा रांची के DSP तरुण कुमार और मनोज कुमार-03 के नाम शामिल हैं।
रांची में तैनात सीनियर DSP धीरेंद्र नारायण बंका और DSP जयप्रकाश नाग को भी जिम्मेदारी दी गई है। देवघर के DSP कवींद्र उरांव और नौशाद आलम की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। हजारीबाग से वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक रजत माणिक बाखला और प्रवीण कुमार सिंह के अलावा DSP अमिता लकड़ा, तुलसीवर प्रसाद कुशवाहा, प्रदीप उरांव और सुमित प्रसाद को भी तैनात किया गया है। पलामू के DSP दयानंद आजाद तथा रांची में तैनात DSP हेलेन सोया और पूनम मिंज को भी ड्यूटी सौंपी गई है। वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक अनुज उरांव को भी प्रतिनियुक्त किया गया है।
आईआरबी और एसटीएफ के अधिकारी भी तैनात
सुरक्षा व्यवस्था के लिए विभिन्न इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबी) इकाइयों के अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। इनमें आईआरबी-10 के वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक बंशीधर कुजूर, आईआरबी-03 के DSP अजय कुमार केशरी और अरविंद कुमार बिछा, आईआरबी-04 के डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा तथा आईआरबी-05 के वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक जयदीप लकड़ा शामिल हैं। इसके अलावा आईआरबी-08 के DSP पवन कुमार-02 और आईआरबी-10 के DSP संदीप सुमन तथा प्रदीप पाल कच्छप को भी प्रतिनियुक्त किया गया है। विशेष शाखा, एसटीएफ और अन्य पुलिस इकाइयों के अधिकारियों को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया है।
12 अक्टूबर के आदेश में 13 वरिष्ठ अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति
पुलिस मुख्यालय ने 12 अक्टूबर को जारी एक अन्य आदेश में 13 वरिष्ठ अधिकारियों को भी नेमरा में तैनात करने का निर्देश दिया है। इस सूची में झारखंड एसटीएफ के पुलिस उप-महानिरीक्षक इंद्रजीत महथा, विशेष शाखा के एसपी सुरेश, बोकारो के समादेष्टा राकेश कुमार झा और विशेष शाखा के एसपी हरविंदर सिंह शामिल हैं। इसके अलावा झारखंड पुलिस के एसपी सुमित कुमार अग्रवाल, रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, जमशेदपुर के समादेष्टा राजेश कुमार, एटीएस से जुड़े अधिकारी रोशन गुड़िया और एसपी श्रीराम समद को भी प्रतिनियुक्त किया गया है। सूची में धनबाद के ग्रामीण एसपी एसओ मोहम्मद याकूब और जमशेदपुर के ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल के नाम भी शामिल हैं। चतरा जिले के सिमरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नारायणजी प्रसाद और गुमला जिले के चैनपुर की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रुति को भी जिम्मेदारी दी गई है।
19 अक्टूबर को लौटेंगे प्रतिनियुक्त अधिकारी
पुलिस मुख्यालय के दोनों आदेशों में अधिकारियों को निर्धारित समय पर योगदान देने और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वापस लौटने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ को अधिकारियों के योगदान और उनकी वापसी से जुड़ी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। मुख्यालय ने संबंधित अधिकारियों और पुलिस इकाइयों को आदेश की सूचना भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। श्राद्ध कार्यक्रम के मद्देनजर राज्य के अलग-अलग जिलों और विशेष पुलिस इकाइयों के अधिकारियों को एक साथ जिम्मेदारी सौंपी गई है।




