जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित टाटानगर रेलवे स्टेशन की पार्किंग में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि पार्किंग कर्मचारी और एक ऑटो चालक ने कोलकाता से ट्रेनिंग पूरी कर लौट रहे तीन युवकों के साथ मारपीट की। घटना में तीनों युवक घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, घायलों की पहचान फुरकान अली (18), मो. जलरियान शहजादा (20) और हेमंत सिंह (20) के रूप में हुई है। फुरकान अली कीताडीह के रहने वाले हैं। वहीं, मो. जलरियान शहजादा गोलमुरी और हेमंत सिंह परसुडीह के प्रमोद नगर निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सदर अस्पताल से मांगी मेडिकल रिपोर्ट
घटना के बाद बर्मामाइंस थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी को पत्र भेजकर तीनों घायलों के इलाज और मेडिकल जांच की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट मामले में आगे की कार्रवाई के लिए महत्वपूर्ण होगी। पुलिस की ओर से भेजे गए पत्र में फुरकान अली के सिर से खून बहने और हाथ में चोट लगने का उल्लेख किया गया है। वहीं, अन्य दोनों युवकों के पूरे शरीर में चोट और दर्द होने की बात भी मेडिकल जांच के लिए भेजे गए पत्र में दर्ज की गई है। पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद घटना में शामिल लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की दिशा में कदम उठाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।




