सरायकेला-खरसावां : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए झारखंड पुलिस, 203-कोबरा, 134 बटालियन सीआरपीएफ और 26वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के तीन सक्रिय और बड़े कैडर के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए उग्रवादियों में एक सब जोनल कमांडर दंपती और एक रिजनल कमिटी मेंबर शामिल हैं।
Read More : रांची में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज, शाहरुख हसन रिजवी ने दिया नैतिक समर्थन
उदयपुर और कांदरबेड़ा से हुई माओवादियों की गिरफ्तारी
मंगलवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने काण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुर में एक संदिग्ध घर की घेराबंदी कर छापेमारी की। यहां से भाकपा (माओवादी) के सब जोनल कमिटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार (28 वर्ष, निवासी नीमडीह) को लोडेड AKM-47 रायफल, गोलियां और वॉकी-टॉकी के साथ गिरफ्तार किया गया। रवि सिंह से पूछताछ के बाद टीम ने चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा में छापेमारी कर रिजनल कमिटी सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर महतो (54 वर्ष, निवासी पश्चिम बंगाल) और रवि की पत्नी सह सब जोनल कमांडर मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया (26 वर्ष, निवासी पुरुलिया, पश्चिम बंगाल) को धर दबोचा। मदन महतो के पास से 9mm पिस्टल व गोलियां और मीना पहाड़िया के पास से गोलियां व कोडेक्स वायर (विस्फोटक) बरामद हुआ।
दलमा पहाड़ से पुलिस से लूटी गई इंसास रायफल बरामद
गिरफ्तार नक्सलियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित दलमा पहाड़ के ऊपरी इलाके में छिपाकर रखा गया हथियारों का जखीरा बरामद किया। इसमें पुलिस बल से लूटी गई एक इंसास रायफल (मैगजीन सहित), AKM-47 की 208 गोलियां और कोडेक्स वायर शामिल हैं। पकड़े गए नक्सलियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे पूर्व में दलमा क्षेत्र में सक्रिय थे और कुकड़ू में पुलिस टीम पर हमला कर हथियार लूटने सहित क्षेत्र की कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं। सारंडा इलाके में पुलिस की दबिश बढ़ने के कारण वे इस क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में भ्रमणशील थे।
सुरक्षा बलों द्वारा की गई कुल बरामदगी
इस संयुक्त छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
सरायकेला-खरसावां के SP मनोज स्वर्गीयारी और SDPO अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में चले इस अभियान में एसएसबी 26वीं वाहिनी के उप समादेष्टा शक्ति सिंह, कोबरा 203 के उप समादेष्टा मो. आरिफ, काण्ड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू, चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी, नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुवा समेत झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल के सशस्त्र जवान शामिल थे।




