मुंबई : बॉलीवुड सितारों को धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब अभिनेता सैफ अली खान को भी धमकी मिलने की खबर सामने आई है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आ रहा है। फिलहाल मुंबई पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि सैफ को धमकी सच में जीशान अख्तर ने ही दी है या फिर किसी दूसरे शख्स ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है। पुलिस धमकी की सच्चाई पता लगाने के साथ-साथ उससे जुड़े डिजिटल सबूतों को भी खंगाल रही है। वहीं, इस पूरे मामले पर सैफ अली खान की तरफ से अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है।
Read More : दुमका में खाने को लेकर विवाद में पिता ने ली बेटे की जान, पुलिस जांच में जुटी
तुषार कपूर को पांच करोड़ रुपये मांगने वाला ऑडियो मैसेज
इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी धमकी भरे मैसेज और ऑडियो क्लिप मिले थे। इन मामलों की जांच के दौरान मुंबई पुलिस ने बंगलूरू से 30 साल के वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा कर कलाकारों को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की थी। हालांकि, शुरुआती जांच में उसके किसी गैंग से जुड़े होने के सबूत नहीं मिले थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वैभव मिश्रा आईटी इंजीनियर है। पुलिस को शक था कि उसने धमकी देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से आवाज तैयार की थी। उसने ऑनलाइन सर्च के जरिए कलाकारों के संपर्क नंबर जुटाए और फिर उन्हें धमकी भरे मैसेज भेजे। तुषार कपूर को भेजे गए एक ऑडियो मैसेज में कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की मांग की गई थी। मैसेज भेजने वाले ने खुद को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर बताया था। हालांकि, पुलिस की ओर से वॉयस सैंपल की जांच में आवाज हैरी बॉक्सर से मेल नहीं खाई थी।
अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को भी मिली जान से मारने की धमकी
बीते सोमवार को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी थी। इस पोस्ट में गैंगस्टर ने कई बड़े दावे भी किए। उसका कहना था कि दिल्ली पुलिस ने उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। इसके बावजूद मुंबई में अभिनेता को निशाना बनाने की उसकी साजिश पर कोई असर नहीं पड़ा है। अमिताभ बच्चन को यह धमकी ऐसे समय मिली, जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो कथित शूटर्स को गिरफ्तार किया था। जांचकर्ताओं को शक है कि ये लोग मुंबई में अमिताभ बच्चन के घर ‘जलसा’ के बाहर गोलीबारी करने की साजिश में शामिल थे।






