चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल बस के खलासी की मौत हो गई। हादसा टाटा-रांची मार्ग एनएच-33 पर चांडिल गोलचक्कर के पास हुआ। मृतक की पहचान चौका थाना क्षेत्र के रुगड़ी गांव निवासी 45 वर्षीय प्रभात महतो के रूप में हुई है।
चलती बस से अचानक सड़क पर गिरे प्रभात
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक स्कूल बस चौका की ओर से बच्चों को लेकर दयावती मोदी पब्लिक स्कूल के चांडिल स्थित उमेश नगर परिसर जा रही थी। इसी दौरान चांडिल गोलचक्कर के पास प्रभात महतो अचानक चलती बस से सड़क पर गिर गए। वह संभल पाते, इससे पहले ही बस का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल चांडिल थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। इसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से प्रभात महतो को चांडिल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रभात महतो चलती बस से किस कारण नीचे गिरे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ बस से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
रुगड़ी गांव में पसरा मातम
हादसे की जानकारी मिलने के बाद प्रभात महतो के परिजन चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। अचानक हुई मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद रुगड़ी गांव में भी शोक का माहौल है।








