पटना में तेजस्वी यादव का लोकभवन मार्च रोका गया, बैरिकेडिंग फांदकर बढ़े आगे

NEET मामले में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में RJD का राजभवन मार्च, तेजस्वी यादव की अगुवाई में कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन।

अपनी भाषा में पढ़ें

पटना:  बिहार में NEET प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बुधवार को पटना में लोकभवन मार्च निकाला। गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से शुरू हुए मार्च की अगुवाई बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने की। आयकर गोलंबर के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर मार्च को रोक दिया। इस दौरान तेजस्वी यादव बैरिकेडिंग फांदकर आगे बढ़ते नजर आए। मार्च में RJD के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा और लोकभवन की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

‘छात्रों पर कार्रवाई को लेकर सरकार पर हमला’

RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने प्रदर्शन के दौरान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि छात्र, युवा और Gen Z अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे थे और न्याय की मांग कर रहे थे। उनके मुताबिक, प्रदर्शनकारियों पर लाठियां चलाई गईं और गोलियां भी चलीं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कानून छात्रों और युवाओं पर इस तरह कार्रवाई की अनुमति देता है। भाई वीरेंद्र ने प्रदर्शन के दौरान हथियारों के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। वहीं, बीजेपी नेता मृत्युंजय तिवारी ने RJD के मार्च को लेकर तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने इसे ‘पार्टी बचाओ और नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी बचाओ मार्च’ बताया। उनका आरोप है कि सरकार बिहार के छात्रों और युवाओं के हित में काम कर रही है और यह मार्च राजनीतिक उद्देश्य से निकाला गया है।

‘DM-SSP ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था’

लोकभवन मार्च को लेकर पटना प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिलाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। डीएम ने एसडीएम कृतिका मिश्रा समेत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई थी। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। JDU के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने भी तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि राजनीतिक विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन तिरंगे की गरिमा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। मार्च में RJD कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए नजर आए।

‘लालू यादव ने की थी बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील’

लोकभवन मार्च को लेकर RJD अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने पहले ही युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने की बात कही थी।वहीं, बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने तेजस्वी यादव के मार्च के आह्वान को लेकर कहा कि विरोध प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छात्रों की मांगों को लेकर संवेदनशील है और शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार काम किया जा रहा है। लोकभवन मार्च को लेकर सुबह से ही गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर के आसपास RJD कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी थी। यहां से कार्यकर्ता लोकभवन की ओर बढ़े। आयकर गोलंबर के पास पुलिस द्वारा मार्च रोके जाने के बाद स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी रही।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *