रांची के मुरी में किशोरी की हत्या से सनसनी, दुष्कर्म की आशंका

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के मुरी ओपी क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी की हत्या का मामला सामने आया है। 18 अक्टूबर को घर से निकली करीब 17 साल 9 महीने की किशोरी का शव गांव के बाहर झाड़ियों में मिला। घटना के

मुरी

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के मुरी ओपी क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी की हत्या का मामला सामने आया है। 18 अक्टूबर को घर से निकली करीब 17 साल 9 महीने की किशोरी का शव गांव के बाहर झाड़ियों में मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों को आशंका है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म हुआ था या नहीं, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। शुरुआती जांच में पुलिस गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जता रही है।

चचेरे भाई के साथ घर से निकली थी किशोरी, शाम को मिला शव

जानकारी के मुताबिक, 18 अक्टूबर को दोपहर बाद किशोरी अपने सात साल के चचेरे भाई के साथ भैया-भाभी के घर जाने की बात कहकर निकली थी। कुछ देर बाद उसका छोटा चचेरा भाई खून से लथपथ हालत में घर पहुंचा। इसके बाद घरवालों को चिंता हुई और उन्होंने किशोरी की तलाश शुरू कर दी।

परिजन और ग्रामीण उसकी खोजबीन में जुट गए। इसी दौरान शाम करीब चार बजे गांव के बाहर झाड़ियों में किशोरी का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलने पर मुरी ओपी की पुलिस और सिल्ली के डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।

पुलिस को गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका

मुरी ओपी प्रभारी विकास कुमार पासवान ने ईटीवी भारत को बताया कि किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि किशोरी के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका सामने आई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, रात में रिम्स भेजा गया शव

घटना की जानकारी मिलने के बाद JLKM के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो 18 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया।

देवेंद्र नाथ महतो के मुताबिक, इसके बाद फॉरेंसिक और तकनीकी जांच दल मौके पर पहुंचा। खोजी कुत्ते की मदद से भी जांच की गई। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने जुटाए, ताकि मामले की जांच में मदद मिल सके।

उन्होंने बताया कि रात करीब 12:30 से एक बजे के बीच किशोरी के शव को घटनास्थल से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया।

मृत किशोरी 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। ग्रामीणों के मुताबिक, वह सरल स्वभाव की थी और पढ़ाई पर खास ध्यान देती थी। उसकी मौत की खबर से गांव में दहशत और दुख का माहौल है।

SIT बनाने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

देवेंद्र नाथ महतो ने घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताया। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की गहराई से, निष्पक्ष तरीके से और वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर जांच कराने की मांग की।

उन्होंने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) बनाने, पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने और जरूरी फॉरेंसिक जांच सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने की अपील की।

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने, उचित मुआवजा दिलाने और मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की।

उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों को कानून के तहत कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। देवेंद्र नाथ महतो ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो जनआंदोलन किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुष्कर्म की आशंका और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं पर स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के नतीजे सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.