रांची : शहर के स्ट्रीट वेंडर्स को स्थायी और व्यवस्थित कार्यस्थल देने के लिए रांची नगर निगम मोरहाबादी में आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित कर रहा है। आज यानी शुक्रवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने रजिस्ट्री ऑफिस के समीप चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने काम की प्रगति और वहां उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। करीब एक एकड़ जमीन पर ₹3.26 करोड़ की लागत से इस वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जा रहा है। यहां सिंगल स्टोरी शेड के नीचे लगभग 205 स्ट्रीट वेंडर्स के लिए व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराई जाएगी।
Read More : पलामू में मोबाइल टावर पर चढ़ी छात्रा, प्रेमी को बुलाने की रखी शर्त
पेयजल, शौचालय से लेकर ड्रेनेज तक की सुविधा
वेंडिंग जोन में दुकानदारों और आम लोगों की सुविधा के लिए कई जरूरी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें पेयजल, शौचालय, पाथवे, ड्रेनेज, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, लैंडस्केपिंग, बिजली और गार्ड रूम शामिल हैं। इस व्यवस्था से स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित तरीके से कारोबार करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, इलाके में साफ-सफाई बनाए रखने, आवागमन सुगम करने और शहरी व्यवस्था बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
निर्माण की धीमी रफ्तार पर नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को काम में तेजी लाने और तय मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने बाउंड्री वॉल का काम अगले सात दिनों के भीतर पूरा करने को कहा। इसके अलावा पेवर ब्लॉक को व्यवस्थित करने और ड्रेन, पाथवे, कलवर्ट सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर तरीके से विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने वेंडिंग जोन में प्रवेश और निकास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
वेंडिंग जोन को आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने पर जोर
नगर आयुक्त ने कहा कि वेंडिंग जोन का विकास समग्र योजना के तहत किया जाना चाहिए, ताकि यह केवल कारोबार करने की जगह न रहकर शहर की एक व्यवस्थित और आकर्षक पहचान भी बने। उन्होंने निर्माण कार्य में नागरिक सुविधाओं, साफ-सफाई, सुगम आवागमन और परिसर के बेहतर रखरखाव को प्राथमिकता देने को कहा। रांची नगर निगम का उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स को बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराने के साथ शहर की सार्वजनिक व्यवस्था को मजबूत करना है, जिससे दुकानदारों और आम नागरिकों दोनों को लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता और अन्य संबंधित कर्मी मौजूद थे।




