पलामू : जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के बरेवा गांव में शुक्रवार को शहीद आरक्षी संतन कुमार मेहता की प्रतिमा का अनावरण किया गया। एसपी कपिल चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर शहीद की माता धनकुलिया कुंवर, एसपी कपिल चौधरी और हुसैनाबाद एसडीपीओ सह आईपीएस अधिकारी दिव्यांश शुक्ल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान ‘शहीद संतन अमर रहे’ और ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, संतन तेरा नाम रहेगा’ के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलूल मनान मनउव्वर ने शहीद की मां और अन्य परिजनों को शॉल देकर सम्मानित किया।
Read More : BRICS चीफ जस्टिस फोरम के लिए दिल्ली पहुंचे रूस के चीफ जस्टिस
शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता : एसपी
मौके पर एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि संतन मेहता ने जिस मिट्टी में जन्म लिया, उसी मिट्टी की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। यह पूरे पलामू के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि शहीद संतन की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। एसपी ने कहा कि शहीद परिवार का दुख पूरे पुलिस परिवार का दुख है। पुलिस विभाग हर परिस्थिति में शहीद परिवार के साथ खड़ा रहेगा।
नक्सलवाद के खात्मे तक जारी रहेगा अभियान
एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि संतन मेहता जैसे जवानों का बलिदान तभी सार्थक होगा, जब पलामू की धरती पूरी तरह नक्सलमुक्त होगी। उन्होंने कहा कि असली सुकून उस दिन मिलेगा, जब जिले में नक्सलवाद का नामोनिशान मिट जाएगा और फिर किसी मां को अपना लाल नहीं खोना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों का अभियान पूरी मजबूती से जारी है और शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। एसपी ने कहा कि अब यह मिशन लगभग पूरा हो चुका है।
मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए थे संतन मेहता
मालूम हो कि 03 सितंबर 2025 की देर रात मनातू के केदल जंगल में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान टाइगर बटालियन के जवान संतन मेहता वीरगति को प्राप्त हुए थे। वर्ष 2011 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए संतन ने कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई कर पुलिस सेवा में मुकाम हासिल किया था। उनके बलिदान के बाद से ही पैतृक गांव बरेवा में उनकी स्मृति में प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी चल रही थी।
परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
प्रतिमा अनावरण समारोह में शहीद की माता धनकुलिया कुंवर, चाचा रामराज मेहता एवं प्रमोद मेहता, बहन सुनीता देवी, अनीता देवी और बबीता देवी, भाई मंतन मेहता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। वहीं जिला पुलिस एसोसिएशन संघ के उपाध्यक्ष जय प्रकाश तुरी, मंत्री लालू उरांव, कोषाध्यक्ष विक्रांत दुबे, क्षेत्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह और केंद्रीय सदस्य मो. इसरायल सहित कई पुलिसकर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।




