नई दिल्ली : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की बहुचर्चित आत्मकथा ‘बिऑन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव’ (Belonging: A Journey of Love) को लेकर जारी सस्पेंस खत्म हो गया है। इस किताब को अब ‘हार्परकॉलिन्स इंडिया’ पब्लिश करने जा रहा है। यह किताब 10 नवंबर 2026 को पाठकों के लिए बाजार में उपलब्ध होगी। इससे पहले इस आत्मकथा को ‘पेंगुइन रैंडम हाउस’ छापने वाला था, लेकिन पब्लिशर और लेखक के बीच सहमति न बन पाने के कारण पेंगुइन ने इसे छापने से इनकार कर दिया था।
HarperCollins India will publish Belonging: A Journey of Love by Sonia Gandhi. The long-awaited memoir will be published in India on 10 November 2026.
One of the most anticipated political memoirs of our time, Belonging is a dramatic and deeply personal story of love, identity,… pic.twitter.com/cNWuNRgXXP
— HarperCollins (@HarperCollinsIN) September 4, 2026
हार्परकॉलिन्स इंडिया ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
हार्परकॉलिन्स इंडिया ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर इस बात की पुष्टि की है। पब्लिशिंग हाउस ने लिखा कि, “हमारे समय की सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली राजनीतिक आत्मकथाओं में से एक ‘बिऑन्गिंग’ प्यार, पहचान, कर्तव्य और अपनापन की एक रोमांचक व बेहद निजी कहानी है। यह भारत की राजनीतिक व सामाजिक यात्रा को अंदर से देखने का एक अनूठा नजरिया पेश करती है।”
पेंगुइन के साथ क्यों हुआ विवाद?
सूत्रों के मुताबिक, पेंगुइन रैंडम हाउस ने सोनिया गांधी से किताब के कुछ अंशों विशेषकर PM नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े संदर्भों को हटाने या बदलने का सुझाव दिया था। सोनिया गांधी द्वारा इन बदलावों से इनकार करने के बाद पेंगुइन ने किताब को पब्लिश न करने का फैसला लिया। दूसरी ओर, पेंगुइन इंडिया ने सफाई देते हुए कहा कि एडिटोरियल बदलाव और तथ्यों की जांच करना किसी भी पब्लिशर की सामान्य जिम्मेदारी का हिस्सा है। पेंगुइन ने स्पष्ट किया कि वे किताब छापने के इच्छुक थे, लेकिन लेखक द्वारा संपादकीय सलाह न मानने के कारण यह फैसला लेना पड़ा।
पवन खेड़ा ने पेंगुइन पर कसा तंज
हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा किताब पब्लिश किए जाने का ऐलान होने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने पेंगुइन पर तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “पेंगुइन चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, वह उड़ नहीं सकता।”





