रांची : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर गुरुवार को रांची समाहरणालय (ब्लॉक-ए) प्रांगण में एक बेहद आत्मीय और भावुक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। गवर्नमेंट मिडिल स्कूल नवीन आरक्षी (रांची-1) की छात्राओं ने DC मंजूनाथ भजन्त्री को अपने हाथों से बनाई गई खूबसूरत राखियां (हैंडमेड राखी) बांधी। इस दौरान पूरे प्रशासनिक परिसर में रक्षाबंधन की मिठास और उत्साह देखने को मिला।
Read More : जमशेदपुर SSP कार्यालय में रक्षाबंधन, छात्राओं ने पुलिस कप्तान को बांधी राखी
DC ने छात्राओं से की व्यक्तिगत बातचीत
DC मंजूनाथ भजन्त्री ने बेहद स्नेह और आत्मीयता के साथ छात्राओं से राखी बंधवाई। उन्होंने बच्चियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद करते हुए उनके पठन-पाठन की जानकारी ली और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं कीं। छात्राओं को प्रेरित करते हुए DC ने कहा कि वे पूरी लगन और निष्ठा के साथ अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा ही उनके जीवन को सशक्त बनाने का सबसे बड़ा और प्रभावी माध्यम है।

उपहार में मिली स्टेशनरी किट
रक्षाबंधन के इस विशेष मौके पर DC ने छात्राओं को उपहार स्वरूप पढ़ाई के लिए स्टेशनरी किट भेंट की। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन की ओर से जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि हर बच्चा बिना किसी बाधा के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सके। समाहरणालय पहुंचे बच्चों ने DC के साथ-साथ परिसर में कार्यरत अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों को भी राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) रांची बादल राज एवं संबंधित विद्यालय की शिक्षिकाएं मुख्य रूप से उपस्थित थीं।




