जमशेदपुर : रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के SSP डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के कार्यालय में भावनात्मक और सुरक्षा का संदेश देने वाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने SSP को रक्षासूत्र (राखी) बांधकर उनके प्रति स्नेह, सम्मान और अटूट विश्वास व्यक्त किया।
Read More : नेपाल बाढ़ : 270 मौतें और 1000 से ज्यादा लापता, विदेश मंत्रालय ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
छात्राओं ने की पुलिस प्रशासन की सराहना
SSP कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने डॉ. ऐहतेशाम वकारिब की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन की बधाई दी। छात्राओं ने समाज में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस मौके पर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ-साथ पुलिस और समाज के बीच मजबूत संबंध का सुंदर रूप देखने को मिला।
एसएसपी ने दिया निर्भीक बनने का संदेश
छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए SSP डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने कहा, “रक्षाबंधन का पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते का उत्सव नहीं है, बल्कि यह आपसी विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का भी अवसर है।” उन्होंने छात्राओं को जीवन में निर्भीक होकर आगे बढ़ने और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सभी छात्राएं अपने उज्ज्वल और सफल भविष्य के निर्माण के लिए आत्मविश्वास के साथ मेहनत करें।
छात्राओं को मिले उपहार और आशीर्वाद
इस अवसर पर SSP ने सभी छात्राओं को शुभकामनाएं व आशीर्वाद दिया तथा उन्हें उपहार भेंट किए। उन्होंने जिले की सभी बेटियों और छात्राओं के सुरक्षित, उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना की।




