रांची : रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहाँ विद्यार्थियों को लेने जा रही एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गई। यह दुर्घटना लेपसर स्थित आदित्य ईंट भट्ठा के समीप हुई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय बस में कोई भी बच्चा सवार नहीं था, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
Read More : SSP राकेश रंजन ने देर रात लिया कानून-व्यवस्था का जायजा
ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाल विकास स्कूल की बस सुबह बच्चों को लाने के लिए हर्रा गाँव की ओर जा रही थी। लेपसर के पास पहुँचने पर चालक ने आगे चल रहे एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस से चालक का नियंत्रण छूट गया और वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गया।
ग्रामीणों और पुलिस ने शुरू किया राहत कार्य
बस पलटने की तेज आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी तुरंत चान्हो थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और क्रेन की मदद से बस को गड्ढे से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।




