रांची। रोजमर्रा की खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों को लेकर विधायक सरयू राय ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चीनी और गुड़ की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने की अपील की है।
सरयू राय ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि चीनी और गुड़ की कीमतों में अचानक 12 से 15 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। उनका कहना है कि इसका असर सिर्फ चीनी और गुड़ तक सीमित नहीं है, बल्कि मिठाई और इनसे बनने वाले अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों पर भी पड़ रहा है।
विधायक ने कहा कि महंगाई का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ता है और गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को इसका सबसे ज्यादा सामना करना पड़ता है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं।
सरयू राय की इस अपील के बाद एक बार फिर महंगाई और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि केंद्र सरकार चीनी और गुड़ की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए क्या कदम उठाती है।