खूंटी : जिले में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रत्येक पात्र परिवार तक नल से सुरक्षित पानी पहुंचाने के लिए DC मो. जावेद हुसैन ने सोमवार को जल जीवन मिशन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा बैठक की। समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में जल जीवन मिशन, जल शक्ति अभियान और स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। DC ने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
Read More : रिम्स में जाम से मिलेगी राहत, फ्लाईओवर और अंडरपास का प्रस्ताव तैयार
जलापूर्ति योजनाओं का काम जल्द पूरा करने पर जोर
बैठक में DC ने बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना (एमवीएस) और एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजना (एसवीएस) के तहत निर्माणाधीन जलमीनारों और पेयजल योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने शेष निर्माण कार्यों और अब तक पेयजल आपूर्ति से वंचित घरों की स्थिति की भी समीक्षा की। DC ने निर्माणाधीन बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं को जल्द पूरा कर उनका संचालन शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने हर घर जल योजना के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करने पर भी जोर दिया।
स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल कनेक्शन अनिवार्य
DC ने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अनिवार्य रूप से पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। जिन गांवों और टोलों में पानी की समस्या है, वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर सुरक्षित पेयजल पहुंचाया जाए, ताकि ग्रामीणों को परेशानी न हो।
स्वच्छ भारत मिशन और अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित और निर्माणाधीन शौचालयों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। DC ने लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के साथ शौचालयों के समुचित उपयोग और रखरखाव पर ध्यान देने का निर्देश दिया। इसके अलावा गोवर्द्धन परियोजना, नाडेप निर्माण और ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। DC ने झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के सहयोग से मुरहू प्लास्टिक वेस्ट सेंटर का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, डीपीएम, सहायक एवं कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




