चक्रधरपुर : रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की विभिन्न परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे विशेष परीक्षा ट्रेनों का संचालन करेगा। परीक्षा अवधि के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से झारखंड, बिहार और ओडिशा के अलग-अलग क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक जाने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा में सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों का उद्देश्य परीक्षा के दौरान नियमित ट्रेनों पर बढ़ने वाले भीड़ के दबाव को भी कम करना है।
Read More : पीएम मोदी के कार्यक्रम से लाइव जुड़े चिन्मय विद्यालय बोकारो के 350 से अधिक विद्यार्थी
राउरकेला-रामगढ़ कैंट के बीच चलेगी परीक्षा स्पेशल
दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से रविवार को जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 08183/08184 राउरकेला-रामगढ़ कैंट-राउरकेला परीक्षा स्पेशल का परिचालन 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक निर्धारित तिथियों में किया जाएगा। यह ट्रेन राउरकेला से शाम 8.30 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह बानो, हटिया, रांची और मुरी होते हुए अगले दिन तड़के 2.15 बजे रामगढ़ कैंट पहुंचेगी। वापसी यात्रा में ट्रेन रामगढ़ कैंट से सुबह 5.15 बजे प्रस्थान करेगी। यह मुरी, रांची, हटिया और बानो के रास्ते पूर्वाह्न 11.30 बजे राउरकेला पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 18 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। इनमें सामान्य श्रेणी के कोच और एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे।
रांची-सबौर परीक्षा स्पेशल के 15-15 फेरे
इसके अलावा, ट्रेन संख्या 08601/08602 रांची-सबौर-रांची परीक्षा स्पेशल का संचालन 3 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक विभिन्न निर्धारित तिथियों में किया जाएगा। इस ट्रेन के कुल 15-15 फेरे निर्धारित किए गए हैं। यह ट्रेन रांची से शाम 7 बजे प्रस्थान करेगी और बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, तिलैया, नवादा, वारसलीगंज, शेखपुरा, लखीसराय जंक्शन, किऊल, अभयपुर, जमालपुर जंक्शन, सुल्तानगंज और भागलपुर होते हुए सुबह 8 बजे सबौर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन सबौर से सुबह 9.50 बजे रवाना होगी। यह उसी मार्ग से यात्रा करते हुए रात 10.45 बजे रांची पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि विशेष परीक्षा ट्रेनों के संचालन से अभ्यर्थियों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। साथ ही परीक्षा अवधि में नियमित ट्रेनों पर अतिरिक्त यात्रियों के दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन दिवस और समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।




