रांची: झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज की ओर से आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय विश्वकर्मा शिल्पकार मेले के ब्रोशर के आवरण का गुरुवार को रांची स्थित होटल सिटी सेंटर में भव्य विमोचन किया गया। मेले का आयोजन हरमू मैदान, रांची में किया जाना है। कार्यक्रम में शिल्पकारों, कारीगरों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। ब्रोशर के आवरण का विमोचन मुख्य अतिथि झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने किया। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य झारखंड के शिल्पकारों, कारीगरों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों की प्रतिभा, कला और उत्पादों को व्यापक मंच उपलब्ध कराना है। इससे कारीगरों के कारोबार को बढ़ावा मिलने के साथ स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
पारंपरिक शिल्प को बचाने की पहल
झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष विकास राणा ने कहा कि राज्य की कई पारंपरिक और प्राचीन शिल्पकलाएं धीरे-धीरे विलुप्त होने के कगार पर हैं। ऐसे में इन कलाओं का संरक्षण करना और नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध पारंपरिक कला एवं शिल्प से परिचित कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा शिल्पकार मेला पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार से जोड़ने की दिशा में एक प्रयास है। मेले में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले शिल्पकार और कारीगर अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विपणन कर सकेंगे। इससे उन्हें अपनी कला को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा।
रोजगार और स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा
विकास राणा ने कहा कि मेले का उद्देश्य सिर्फ प्रदर्शनी आयोजित करना नहीं है, बल्कि पारंपरिक शिल्प, हुनर, रोजगार और स्वरोजगार को एक मंच पर लाकर शिल्पकारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने समाज के लोगों, उद्यमियों, व्यापारिक संगठनों और आम लोगों से मेले में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के जरिए स्थानीय कारीगरों को अपने उत्पादों के लिए नए बाजार और संभावित ग्राहकों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में रांची जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर विश्वकर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष कृष्णा राम, रतन शर्मा, बालेश्वर राणा, जयप्रकाश शर्मा, रामरतन शर्मा, संतान शर्मा और राजकुमार शर्मा समेत समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिल्पकार, कारीगर और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।








