रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में विभिन्न विभागों में रिक्त सहायक प्रोफेसर के 22 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रिम्स की ओर से जारी विज्ञापन में 12 विभागों के पद शामिल किए गए हैं। इनमें सात नियमित और 15 बैकलाग पद हैं। नियुक्ति होने से लंबे समय से रिक्त चल रहे कई विशेषज्ञ चिकित्सक के पदों को भरने का रास्ता साफ होगा।
विज्ञापन के अनुसार आर्थोपेडिक विभाग में दो, न्यूरोसर्जरी में दो, एनेस्थीसिया में एक, यूरोलाजी में एक, कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) में पांच, मेडिकल आंकोलाजी में तीन, सर्जिकल आंकोलाजी में दो, नियोनेटोलाजी में एक, न्यूरोलाजी में दो, प्लास्टिक सर्जरी में एक, कार्डियक एनेस्थीसिया में एक तथा ट्रामा न्यूरोसर्जरी में एक पद है।
रिम्स ने चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए दो चरणों वाली स्क्रीनिंग व्यवस्था निर्धारित की है। पहले चरण में विज्ञापन में निर्धारित योग्यता और संस्थान के भर्ती नियमों के आधार पर आवेदनों की जांच होगी। सहायक प्रोफेसर पद के लिए एमडी व एमएस या एनएमसी मानकों के अनुरूप समकक्ष योग्यता के बाद मान्यता प्राप्त संस्थान में संबंधित विषय में तीन वर्ष के शिक्षण या शोध अनुभव की शर्त रखी गई है। डीएम व एमसीएच की निर्धारित योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए अनुभव संबंधी अलग प्रावधान है।
तीन वर्षीय मान्यता प्राप्त डीएम व एमसीएच डिग्री रखने वाले अभ्यर्थियों को अनुभव की आवश्यकता नहीं होगी। शार्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों की सूची रिम्स की वेबसाइट पर जारी की जाएगी और उन्हें साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।






