रांची: दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की मध्य भारतीय क्षेत्रीय परिषद द्वारा रायपुर में आयोजित बैडमिंटन लीग में रांची के सीए चन्दन कुमार एवं सीए सुरेंद्र विश्वकर्मा की जोड़ी ने 100 प्लस आयु वर्ग जोड़ी में विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में मध्य भारतीय क्षेत्रीय परिषद की 62 शाखाओं में से अधिकांश शाखाओं के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन पेशेवरों के बीच खेल भावना, स्वास्थ्य जागरूकता, आपसी सहयोग एवं क्षेत्रीय एकता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।
also read ; पूर्वी सिंहभूम में डबल मर्डर, सगी बहनों की हत्या कर थाने पहुंचा आरोपी
रांची से सीए मनीषा बियानी, सीए चन्दन कुमार, सीए सुरेंद्र विश्वकर्मा, सीए विवेक जैन, सीए कन्हैया मोदी, सीए पीयूष बंसल एवं सीए अनिकेत अग्रवाल ने प्रतियोगिता में भाग लेकर शाखा का प्रतिनिधित्व किया। विजेता जोड़ी को रायपुर शाखा की अध्यक्ष सीए रश्मि वर्मा, सचिव सीए ऋषिकेश यादव एवं कोषाध्यक्ष सीए शीतल कालरा ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
यह उपलब्धि पूरे रांची के सीए परिवार के लिए गर्व का विषय है
रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन ने विजेता जोड़ी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे रांची के सीए परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खेलकूद शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक ऊर्जा भी प्रदान करता है। ऐसे आयोजन चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के बीच सौहार्द और टीम भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह एवं समर्पण की सराहना की।
पेशेवर जीवन के साथ खेल गतिविधियों में भागीदारी
शाखा के सचिव सीए दिलीप कुमार ने विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पेशेवर जीवन के साथ खेल गतिविधियों में भागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रतिभा को निखारने का अवसर देती हैं। रांची शाखा भविष्य में भी सदस्यों को खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करती रहेगी।




