रांची : रांची नगर निगम द्वारा नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित 24×7 कनेक्ट सेंटर आमजन के लिए एक भरोसेमंद माध्यम बनकर उभरा है। नगर निगम क्षेत्र के नागरिक अब घर बैठे ही अपनी शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा रहे हैं, जिनका समयबद्ध समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है। नगर निगम से संबंधित स्वच्छता, कूड़ा उठाव, पथ बत्ती (स्ट्रीट लाइट), जलापूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व, इनफोर्समेंट, डे-एनयूएलएम तथा स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों के लिए नागरिक किसी भी समय टोल फ्री नंबर 18005701235 पर संपर्क कर सकते हैं।
Read More : रांची में 25 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मिल रही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं
अप्रैल से अब तक 8,211 शिकायतें दर्ज
नगर निगम के अनुसार, अप्रैल 2026 से अब तक 24×7 कनेक्ट सेंटर में कुल 8,211 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 5,527 शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान किया जा चुका है। नगर निगम का कहना है कि यह आंकड़ा नागरिकों के बढ़ते विश्वास और सेवा प्रणाली की जवाबदेही को दर्शाता है। सबसे अधिक 3,203 शिकायतें पथ बत्तियों से संबंधित प्राप्त हुईं, जिनमें से 2,548 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। शेष शिकायतें मुख्य रूप से नए स्ट्रीट लाइट लगाने से जुड़ी हैं। नगर निगम ने बताया कि इसके लिए निविदा प्रक्रिया जारी है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाएगा।
सड़क, नाली और स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों पर भी कार्रवाई
अभियंत्रण शाखा से संबंधित सड़क और नाली निर्माण के 220 अनुरोध प्राप्त हुए हैं। नगर निगम के अनुसार, आवश्यक वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। वहीं, स्वच्छता और कूड़ा उठाव से संबंधित 2,966 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 2,023 शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जा चुका है। नगर निगम का कहना है कि स्वच्छता सेवाएं प्रतिदिन संचालित होने वाली प्रक्रिया हैं, इसलिए प्रत्येक शिकायत के शीघ्र निष्पादन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
नागरिकों से की अपील
रांची नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि नगर निगम से संबंधित किसी भी समस्या, शिकायत या सेवा संबंधी जानकारी के लिए 24×7 कनेक्ट सेंटर के टोल फ्री नंबर 18005701235 का अधिक से अधिक उपयोग करें। नगर निगम का कहना है कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और सुझावों से ही रांची को स्वच्छ, सुव्यवस्थित, सुरक्षित और नागरिक अनुकूल शहर बनाया जा सकता है।




