रांची : छठ महापर्व के समापन के बाद शहर के छठ घाटों, तालाबों और अन्य जलाशयों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए रांची नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और सफाई टीमों को अगले 24 घंटे के भीतर शहर के सभी छठ घाटों एवं जलाशयों की सफाई पूरी करने का निर्देश दिया है। इसके लिए सभी जोनल सुपरवाइजर और वार्ड सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सोमवार को उदयगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हुआ। महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता के लिए नगर निगम की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। पर्व के समापन के बाद अब घाटों पर जमा पूजन सामग्री, फूल-माला, पॉलिथीन और अन्य कचरे के उचित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
Read More : जमशेदपुर में गंगा नारायण की प्रतिमा की मांग, भूमिज समाज का धरना
24 घंटे में सफाई पूरी करने का निर्देश
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफाई कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया है। अभियान की नियमित निगरानी की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। निगम की सफाई टीमें छठ घाटों के साथ-साथ तालाबों के आसपास और जलाशयों में जमा पूजन सामग्री एवं अन्य कचरे को हटाने में जुटी हैं।
जलाशयों को प्रदूषण मुक्त रखने पर जोर
रांची नगर निगम का उद्देश्य केवल छठ महापर्व के दौरान घाटों को स्वच्छ रखना नहीं, बल्कि पर्व के बाद भी सार्वजनिक जलाशयों की स्वच्छता, सुंदरता और उपयोगिता बनाए रखना है। इस अभियान के जरिए जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने, आसपास के नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने और शहर के प्राकृतिक एवं सार्वजनिक संसाधनों का संरक्षण करने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम ने शहरवासियों से की अपील
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे छठ महापर्व के बाद भी जलाशयों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। तालाबों और जलाशयों में किसी भी तरह का ठोस या तरल कचरा न डालें। पूजन सामग्री को भी निर्धारित स्थानों यानी जलकुंडों में ही डालें। निगम ने कहा है कि शहर के सभी जलाशय साझा धरोहर हैं। इनकी स्वच्छता और संरक्षण केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता के इस संकल्प को पर्व के बाद भी बनाए रखकर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ रांची के निर्माण में सभी शहरवासी अपनी भागीदारी निभाएं।





