रांची : झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में 17 सितंबर तक गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार को इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, सितंबर में भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है, जिससे बारिश की कमी में काफी सुधार हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 13 सितंबर तक झारखंड में कुल 869.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य बारिश से महज 4 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग ने इस स्थिति को सामान्य माना है।
Read More : गणेश चतुर्थी पर राशि अनुसार करें ये उपाय, जानें क्या चढ़ाएं
नारायणपुर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान जामताड़ा जिले के नारायणपुर में सबसे अधिक 31.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में राज्य का सबसे अधिक तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान लातेहार में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए। दिनभर गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। रांची में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डाल्टनगंज में अधिकतम 33.2 और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बोकारो में अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।






