नई दिल्ली : देश में लोकसभा और विधानसभा की सीटों का पूरा गणित बदलने की तैयारी चल रही है। परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार ने अपनी कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 को लोकसभा में पेश करने और उस पर चर्चा करने की सिफारिश कर दी है। शनिवार को लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी बुलेटिन में इसकी जानकारी दी गई। यह सिफारिश संविधान के अनुच्छेद 117(3) के तहत की गई है।
President Droupadi Murmu has recommended to the Lok Sabha the consideration of ‘the Delimitation (Second) Bill, 2026’ under Article 117(3) of the Constitution of India, according to a Lok Sabha Bulletin issued today https://t.co/6jNpUdGIbK
— ANI (@ANI) November 28, 2026
Read More : उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा, खाई में गिरी वैन, आठ लोगों की मौत
इससे पहले शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने भी इस विधेयक पर मुहर लगा दी थी। सरकार की योजना है कि हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में लोकसभा की मौजूदा सीटों को 50 फीसदी तक बढ़ाया जाए। यानी जहां जितनी सीटें अभी हैं, उनमें आधी सीटें और जोड़ दी जाएंगी। सरकार का कहना है कि इस बढ़ोतरी के बावजूद राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का जो मौजूदा अनुपात है, उसे बरकरार रखा जाएगा।
लोकसभा में 850 तक हो सकती हैं सीटें
नए प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 हो सकती है। इसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य होंगे। वहीं, राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। परिसीमन विधेयक के अनुसार, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं कानून लागू होने के समय उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के आधार पर तय की जाएंगी। राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात भी 2051 तक सुरक्षित रखने का प्रस्ताव है।
महिला आरक्षण लागू करने से कैसे जुड़ा है परिसीमन?
महिला आरक्षण कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। हालांकि, इसे लागू करने की प्रक्रिया परिसीमन से जुड़ी हुई है। नए विधेयक का उद्देश्य परिसीमन के जरिए महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें तय की जाएंगी। इन सीटों का आवंटन परिसीमन आयोग करेगा। आरक्षित सीटों को अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में रोटेशन के आधार पर देने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही आयोग अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों के पुनर्निर्धारण का काम भी करेगा। सरकार का लक्ष्य इस प्रक्रिया के जरिए 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करना है। हालांकि, इसके लिए संबंधित विधेयकों का संसद से पारित होना और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है।
संसद में विधेयक आने के बाद क्या होगा?
लोकसभा का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। सदन की बैठक चार दिनों तक चलेगी। वहीं, राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। इस दौरान सरकार परिसीमन से जुड़े विधेयकों को संसद में पेश कर सकती है। संसद में विधेयक पेश होने के बाद उस पर चर्चा होगी। सदस्य इसके प्रावधानों पर अपनी राय रखेंगे। जरूरत पड़ने पर संशोधन भी प्रस्तावित किए जा सकते हैं। इसके बाद विधेयक पर मतदान होगा। परिसीमन विधेयक के साथ संविधान संशोधन विधेयक भी जरूरी है, क्योंकि लोकसभा और विधानसभा की सीटों की संख्या तथा महिला आरक्षण से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों में बदलाव प्रस्तावित हैं। संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत जरूरी होगा।
मंजूरी के बाद कैसे बनेगा परिसीमन आयोग?
विधेयक कानून बनने के बाद केंद्र सरकार परिसीमन आयोग का गठन करेगी। नए प्रस्ताव में कानून लागू होने के बाद जल्द से जल्द आयोग गठित करने की बात कही गई है। आयोग निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करेगा। लोकसभा और विधानसभा सीटों के पुनर्निर्धारण का काम भी इसी प्रक्रिया के तहत होगा। आयोग उपलब्ध जनगणना आंकड़ों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का नक्शा तैयार करेगा। इसके बाद प्रस्ताव प्रकाशित किए जाएंगे और लोगों व संबंधित पक्षों से आपत्तियां तथा सुझाव मांगे जाएंगे। सार्वजनिक सुनवाई के बाद आयोग अंतिम आदेश जारी करेगा। इसके आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की नई सीमाएं तय होंगी। महिला आरक्षण के लिए सीटों का आवंटन और रोटेशन भी इसी प्रक्रिया में निर्धारित होगा।
अप्रैल में पिछला विधेयक क्यों अटक गया था?
सरकार ने अप्रैल 2026 में भी परिसीमन से जुड़े विधेयक संसद में पेश किए थे। उस समय संविधान (131वां संशोधन) विधेयक लोकसभा में जरूरी विशेष बहुमत हासिल नहीं कर सका था। 17 अप्रैल को हुए मतदान में विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण विधेयक पारित नहीं हो सका। इसके बाद परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित विधेयक भी आगे नहीं बढ़ पाए। अब सरकार संशोधित प्रस्ताव लेकर आई है। इसमें हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है। सरकार के मुताबिक, इस व्यवस्था से संसद में प्रतिनिधित्व बढ़ाने के साथ राज्यों के बीच मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी को भी बनाए रखा जा सकेगा।


